पांच एनएचएम कर्मियों ने मुंडन करवाकर जताया रोष
सिरसा। जिले के एनएचएम कर्मचारी एक सप्ताह से हड़ताल पर डटे हुए हैं। सोमवार को सिविल अस्पताल में धरने पर बैठे पांच कर्मचारियों ने मुंडन करवाकर अपना रोष जाहिर किया। एनएचएम कर्मियों की हड़ताल से स्वास्थ्य सेवाओं पर प्रभाव पड़ रहा है।
यूनियन के जिला प्रधान कुंदन गावड़िया ने धरने पर बैठे कर्मचारियों से कहा कि वे विभाग व सरकार की धमकियों से डरने वाले नहीं हैं। सरकार ने उन पर तमाम हथकंडे अपनाकर देख लिए, लेकिन जीत कर्मचारियों की ही हुई है। उन्होंने कहा कि अगर एनएचएम कर्मचारियों की एकता इसी प्रकार जारी रही तो वो दिन दूर नहीं जब सरकार को इन कर्मचारियों को भी नियमित कर्मचारी मानने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। गावड़िया ने कहा कि हरियाणा सरकार द्वारा 1 जनवरी 2018 से एनएचएम सेवा नियम लागू किए गए थे जिसके तहत कर्मचारियों को पे-स्केल के तहत वेतन निर्धारित किए गए थे। परंतु अधिकारियों के मनमाने रवैये के चलते कर्मचारियों को पिछले 8 माह से वेतन भी प्रदान नहीं किया जा रहा है। इस मौके पर डॉ. अतुल गिजवानी, अंशु मुंजाल, कमल कक्कड़, अनिल मलिक, सुरेंद्र बैनीवाल, कविंद्र अरोड़ा, डॉ. राजप्रीत बराड़, सीमा रानी, कवितारानी, माही, सुमन, पूनम कर्मचारी मौजूद थे।