अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। मंदे की मार से उभरने के लिए धनतेरस पर बाजार सज गए है। कारोबारियों को उम्मीद है कि सोमवार को धनतेरस को लेकर बाजारों मेें खरीदारी करने को लोगों की भीड़ जुटेगी। कारोबारियों ने बेहतर कमाई करने को लेकर अपने ग्राहकों को संतुष्ट करने के लिए प्रतिष्ठानों पर विभन्न प्रकार का नया सामान सजा रखा है।
धनतेरस को लेकर कहीं तीन पर एक फ्री, तो कहीं एक्सचेंज, भारी छूट और गिफ्ट दिये जाने के ऑफर हैं। बाजार में बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक्स, ज्वैलरी, कपड़े व ऑटोमोबाइल की दुकानें देखने लायक हैं। दुकानदारों ने ग्राहकों को रिझाने के लिए अपनी दुकानों पर तरह-तरह की वस्तुओं को सजाने के साथ ही आकर्षक उपहार व कई तरह की छूट का ऑफर दे रखा है। धनतेरस पर खरीदारी व पूजा के संबंध में पंडित अमित शर्मा का कहना है कि वैसे तो धनतेरस का पूरा दिन ही शुभ होता है, लेकिन विशेष रूप से खरीदारी व पूजा का मुहूर्त एक घंटा 57 मिनट का रहेगा। शाम छह बजकर 20 मिनट से लेकर रात आठ बजकर 57 मिनट तक खरीदारी व पूजा के लिए सबसे उत्तम मुहूर्त है।
ऑटोमोबाइल बाजार में एडवांस बुकिंग सामान्य से भी कम
धनतेरस पर लोग नए वाहनों को खरीदना शुभ मानते हैं। इस बार ऑटोमोबाइल बाजार में एडवांस बुकिंग चल रही है। शहर दीप ऑटो के मालिक पवनदीप जोली का कहना है कि इस बार त्योहारी सीजन पिछले वर्ष से मंदा है। पिछले वर्ष धनतेरस पर 100 से ज्यादा बाइकों की एडवांस बुकिंग थी, लेकिन इस बार औसत से भी कम बुकिंग हैं। फसल कटकर मंडी में आ चुकी है फिर भी बाजार मंदे की मार झेल रहा है। सोमवार को उम्मीद है कि लोग खरीदारी करने जरूर आएंगे।
पिछले वर्ष की तुलना इस बार मंदे की मार बाजार पर ज्यादा है। त्योहारी सीजन शुरू हुए कई बीत चुके हैं, लेकिन खरीदार बाजारों का रुख नहीं कर रहे। नोटबंदी व जीएसटी के बाद से ही मंदी का दौर जारी है। पिछले वर्ष धनतेरस पर 150 करोड़ रुपये का कारोबार की उम्मीद थी लेकिन हुआ 77 करोड़ का। उम्मीद है धनतेरस पर अधिक से अधिक ग्राहक बाजार में खरीदारी के लिए आएंगे।
- हीरा लाल शर्मा, अध्यक्ष जिला व्यापार मंडल, सिरसा।