अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
बुधवार सुबह हुई बारिश ने लोगों को सड़ी गर्मी से राहत दिलाई। इस बारिश से फसलों को भी लाभ पहुंचेगा। आज दिन भी मौसम में ठंडक रही। सिरसा में पांच एमएम बरसात रिकॉर्ड की गई। ये बरसात जिलेभर में हुई है। लोगाें को बरसते अंगारों से राहत के लिए बारिश का इंतजार था। शहर में जल भराव के कारण लोगों को परेशानी भी हुई पर गर्मी से मिली राहत के कारण परेशान किसी को महसूस नहीं हुई।
पिछले एक सप्ताह से गर्मी से लोगों को परेशानी हो रही थी। आज सुबह जिले भर में हुई बरसात से गर्मी से राहत मिली है। सुबह चार बजे से साढे़ छह बजे तक रुक-रुक कर बरसात होती रही। हालांकि आज दिन भर ठंड रही पर सुबह को मौसम सुहाना हो गया था जैसे सावन के माह में होता है। बरसात से किसानों के चेहरे खिल उठे, क्योंकि इससे कपास की फसल को बहुत लाभ होगा। इसके अलावा हरे चारे की फसल के लिए भी बरसात लाभकारी है। धान की रोपाई का इंतजार कर रहे किसान भी खुश हुए हैं, क्योंकि गर्मी में लगाया गया धान तेजी से बढ़वार नहीं करता।
बता दें कि जिले में करीब पौने दो लाख हेक्टेयर में कॉटन की फसल है और 80 हजार हेक्टेयर में धान की रोपाई होनी है। बरसात के बाद बिजली की खपत भी कम हो गई है। इसके अलावा पानी की भी बचत होगी। बरसात का लोग काफी समय से इंतजार कर रहे थे आखिरकार इंद्रदेव ने आज सबकी सुनी। गांव रोडी के किसान बलवंत सिंह ने बताया कि ये बरसात सभी फसलों के लिए लाभकारी साबित होगी। अब कपास के पौधे तेजी से बढ़वार करेंगे इससे पूर्व पौधे लू के कारण झुलस रहे थे। गांव पन्नीवाला के किसान प्रदीप बैनीवाल और बरासरी के किसान सुलतान बैनीवाल ने बताया कि बरसात से सभी फसलों को लाभ हुआ है अब ग्वार की बिजाई भी जोर पकड़ जाएगी।
शहर में हुआ जलभराव
भले ही बरसात सभी के लिए राहत लेकर आई परंतु शहर में जगह-जगह हुए जलभराव से परेशानी भी हुई है। जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा मानसून को लेकर की गई तैयारियों की मात्र पांच एमएम बरसात ने पोल खोल दी है। रिहायशी क्षेत्रों के अलावा मुख्य मार्गों पर भी बरसाती पानी भर गया। बस अड्डा के बाहर, बाल भवन के निकट, रेलवे फाटक, हुडा चौक, रानियां रोड आदि क्षेत्रों में पानी भर जाने से लोगाें को भारी परेशानी हुई। इसके अलावा कॉलोनियों की गलियों में पानी भर गया। जल भराव होने से शहर में जगह-जगह पर कीचड़ हो गया।
कहां कितनी बारिश
सिरसा 5 एमएम
ओटू 2 एमएम
पंजुआना---- 2 एमएम
रोड़ी- ------5 एमएम
कालांवाली- --2 एमएम
खुईयां------ 5 एमएम
अबूब शहर- --4 एमएम
गोलेवाला---- 5 एमएम
----------
फोटो:39:- सिरसा में बुधवार सुबह हुई बरसात से आरओबी के पास हुआ जलभराव।
फोटो:40:- सिरसा में बुधवार सुबह हुई बरसात से नेशनल हाईवे पर राजकीय कॉलेज के बाहर सड़क पर गिरा पेड़।
-------------
5 एमएम बारिश ने दिलाई झुलसती गर्मी से राहत
कपास की फसल को होगा लाभ