फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एनएचएम कर्मचारियों ने किया सीएमओ कार्यालय का घेराव, मेज और कुर्सी पर डाली मिट्टी

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

सिरसा।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के बर्खास्त कर्मचारियों का नागरिक अस्पताल में धरना दसवें दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों ने वीरवार को सीएमओ कार्यालय का घेराव किया और सीएमओ की गैर मौजूदगी में उनकी कुर्सी और मेज पर यह कहते हुए मिट्टी डाली कि सीएमओ ने उनके भविष्य पर बर्खास्तगी के आदेश जारी कर मिट्टी डाली है।
इस दौरान प्रदर्शनकारियों की चतुर्थ श्रेणी कर्मी के साथ काफी कहासुनी भी हुई। उधर, इनेलो विधायक मक्खन लाल सिंगला और जिलाध्यक्ष पदम जैन ने धरने का समर्थन किया। एनएचएम के बर्खास्त कर्मचारियों ने नागरिक अस्पताल स्थित पार्क में वीरवार को धरना प्रदर्शन जारी रखा। इसके बाद प्रदर्शनकारी जुलूस के रूप में बैनर आदि लेकर सीएमओ कार्यालय की ओर रवाना हुए। नारेबाजी करते हुए कर्मचारियों ने सीएमओ कार्यालय का घेराव कर जमकर नारेबाजी की। सीएमओ की गैर मौजूदगी में प्रदर्शनकारी महिलाओं ने काफी खरी-खरी सुनाई। इसके बाद कुछ प्रदर्शन हाथों में मिट्टी लेकर सीएमओ कार्यालय में जाने लगे तो गेट पर तैनात कर्मचारी ने उन्हें रोका, जिसके साथ कहासुनी हुई। बाद में कुछ प्रदर्शनकारी कार्यालय में गए और सीएमओ की कुर्सी तथा मेज पर मिट्टी डाल दी। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सीएमओ ने तो उनके भविष्य पर बर्खास्तगी के आदेश जारी कर मिट्टी डाली है। यह तो अभी ट्रायल है जंग अभी बाकी है। इसके प्रदर्शनकारी नारेबाजी करते हुए धरनास्थल पर पहुंचे।
विज्ञापन

इस मौके पर प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए हरियाणा एनएचएम कर्मचारी संघ के जिला प्रधान कुंदन गांवडिया ने कहा कि सीएमओ कार्यालय में मिट्टी डालकर कोई गुनाह नहीं किया, इसी कार्यालय ने उनके भविष्य पर मिट्टी डालकर रख दी है। उन्होंने कहा कि इनकी मेहरबानी से नौकरी नहीं करनी है अब तो इनकी आंख में आंख डालकर नौकरी करनी है। उन्होंने कहा कि सरकार कुछ करती है और मुख्यमंत्री कुछ कहते हैं। सरकार और अधिकारी दोनों ही गुमराह हो रहे हैं। कर्मचारी नेता डॉ. जगत ने कहा कि हिसार में प्रदर्शनकारियों ने खून से पत्र लिखे हैं। याद करो जब भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को फांसी की सजा सुनाई गई थी तो पूरे देश से लोगों ने खून के पत्र लिखकर फांसी रोक ने की मांग की थी आज इतिहास दोहरा रहा है। उन्होंने कहा कि बर्खास्त तो पिछली बार भी किया गया था। सिरसा ने अंत तक संघर्ष जारी रखा था अब तो सिरसा वाले इस मामले में मंझे हुए हैं। कर्मचारी नेता नंदन सिंह ने अंत तक आंदोलन में साथ देने की घोषणा की। इसके बाद क्षेत्रीय विधायक मक्खन लाल सिंगला और इनेलो जिला प्रधान पदम जैन ने धरनास्थल पर समर्थन का ऐलान किया। इस मौके पर सुरेंद्र, जगदीश, विक्रम, मनदीप, विकास, आशु, सरोज, पूजा, मनजीत, निर्मला, सुनीता, कविता, रजनी, पूनम, कमल, पवन, रोहताश, प्रियंका, सीमा सहित सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन


स्वास्थ्य केंद्रों के दो किमी दायरे में धारा 144 लागू
सिरसा। जिलाधीश प्रभजोत सिंह ने नेशनल रूरल हेल्थ मिशन (एनआरएचएम) कर्मचारियों की हड़ताल के मद्देनजर जिला में किसी प्रकार की जान और माल की हानि रोकने एवं शांति और कानून व्यवस्था बनाएं रखने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों के दो किलोमीटरों के दायरे में धारा 144 लगा दी है। जिलाधीश द्वारा आदेशानुसार जिला में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित न हो, इसलिए अपराध प्रक्रिया संहिता अधिनियम 1973 की धारा 144 के तहत प्रदत शक्तियों का प्रयोग करते हुए तुरंत प्रभाव से राजकीय स्वास्थ्य केंद्रों के आस-पास 4 या इससे ज्यादा व्यक्तियों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह आदेश पुलिस और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों पर लागू नहीं होंगे। आदेशों की अनुपालना करने वाले व्यक्ति पर कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें