संवाद न्यूज एजेंसी
भिवानी। साइबर क्राइम पुलिस भिवानी ने आईपीओ में निवेश के नाम पर 17 लाख 98 हजार रुपये की साइबर धोखाधड़ी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी बेंगलूरू, कर्नाटक से पकड़ा गया है। उसने साइबर ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए अपना बैंक खाता उपलब्ध करवाया था।
गांव पहाड़ी लोहारू निवासी सुरेंद्र कुमार ने थाना साइबर क्राइम भिवानी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कोटक सिक्योरिटीज लिमिटेड में आईपीओ और ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर उनके साथ धोखाधड़ी हुई।
आरोपियों ने व्हाट्सएप के माध्यम से उनसे संपर्क किया और अधिक लाभ का झांसा दिया। पहले उनसे आईपीओ में निवेश के लिए 1 लाख 89 हजार रुपये जमा करवाए गए। बाद में अलग-अलग बैंक खातों में कुल 17 लाख 98 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए गए।
आरोपियों ने पीड़ित को विश्वास दिलाया कि आईपीओ की लिस्टिंग के बाद वह अपनी रकम निकाल सकता है। रकम निकालने में असमर्थ रहने पर उन्हें धोखाधड़ी का पता चला।
आरोपी की गिरफ्तारी : पीड़ित की शिकायत पर थाना साइबर क्राइम भिवानी में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में कार्रवाई करते हुए एएसआई प्रदीप कुमार ने आरोपी निशाद को गिरफ्तार किया। निशाद कलाथिल मलप्पुरम, केरल का निवासी है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने साइबर धोखाधड़ी की रकम प्राप्त करने के लिए अपना बैंक खाता आरोपियों को उपलब्ध करवाया था।
इसके बदले उसे रुपये मिलने थे। पुलिस आरोपी के बैंक खाते और साइबर फ्रॉड से जुड़े अन्य लेन-देन की जांच कर रही है।