अमर उजाला ब्यूरो
कालांवाली।
क्षेत्र में बुधवार प्रात: को आई तेज आंधी और हल्की बरसात के कारण तापमान में गिरावट आने से लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है वहीं तेज आंधी के अनेक मार्गों पर वृक्ष और खंभे गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। इसके साथ-साथ बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। ट्रैक पर पेड़ गिरने से रेल यातायात भी प्रभावित हुआ।
तेज आंधी के कारण कालांवाली ओढ़ां रोड, ख्योवाली रोड, डबवाली रोड सहित अनेक मार्गों पर बिजली के खंभे गिरने से तारें टूट गईं जिस कारण पूरा दिन बिजली सप्लाई ठप रही। दूसरी तरफ हल्की बरसात से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई, जिससे गर्मी से त्रस्त लोगों ने काफी राहत ली। सड़क के बीचों बीच वृक्ष गिरने के कारण यातायात प्रभावित हुआ। वाहन चालकों को अन्य रास्तों या फिर कच्चे रास्तों से होकर गुजरना पड़ा। बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार बुधवार प्रात: को आई तेज आंधी के कारण कालांवाली क्षेत्र में सैकड़ों की संख्या में बिजली के खंभे गिरने के कारण बिजली की सप्लाई प्रभावित हुई है निगम के कर्मचारी सप्लाई को बहाल करने में लगे हुए हैं।
उधर, आंधी के कारण दादू रोड पर एक मजदूर कुलविंद्र सिंह के एक कमरे की लोहे के टीन की छत आंधी में उड़ गई और काफी सामान खराब हो गया। कुलविंद्र ने बताया कि वे परिवार सहित कमरे में सो रहे थे कि तेज आंधी आने पर कमरे से बाहर आ गए और उसके बाद टीन की छत उड़ गई और काफी ईंटें कमरे के अंदर गिरी। यदि वे समय पर कमरे से बाहर न निकलते तो उनको चोेटें लगती। उन्होंने प्रशासन से हुए नुकसान के लिए मुआवजे की मांग की है। दूसरी ओर ख्योवाली में ओढ़ा माइनर में पुल के पास वृक्ष की बड़ी टहनी फंस जाने से नहर ओवरफ्लो हो गई जिससे नहर का पानी आस पास के खेत में घुसने लगा। जिस पर विभाग के कर्मचारियों व ग्रामीणों जेसीबी की सहायता से काफी मशक्कत के बाद वृक्ष की टहनी का माइनर से बाहर निकाला उसके बाद नहर का पानी आगे जाने लगा।
कालांवाली-सिरसा रेलवे मार्ग पर बडागुढ़ा-सुखचैन के पास रेलवे लाइन पर वृक्ष गिरने के कारण कालांवाली से सिरसा जाने वाली यात्री गाड़ियां भी प्रभावित हुईं। प्रात: करीब सवा पांच बजे जाने वाली गंगानगर रेवाड़ी सवारी गाड़ी रेलवे लाइन पर वृक्ष गिरे होने के कारण काफी समय तक बडागुढ़ा के पास खड़ी रही और सिरसा की और से कालांवाली की तरफ आने वाली सवारी गाड़ियां भी बडागुढ़ा के पास खड़ी रही जिस कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
---------
फोटो:34:- कालांवाली में तेज आंधी के कारण सड़क पर गिरा पड़ा वृक्ष।
फोटो: 35:- कालांवाली में तेज आंधी के कारण नहर में फंसी वृक्ष की टहनी को जेसीबी के द्वारा निकालते हुए ग्रामीण।
फोटो:36:- कालांवाली में तेज आंधी के कारण मजदूर के कमरे की गिरी छत का दृश्य।
-----------------
आंधी से पेड़ गिरने से जगह-जगह रास्ते हुए जाम
रेल यातायात भी हुआ प्रभावित, मकान की छत उड़ी