सिरसा। शहर में एक फाइनेंस कंपनी से 16 लाख 5 हजार रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यह धोखाधड़ी गोल्ड लोन लेने के नाम पर की गई है। शहर थाना पुलिस ने आईआईएफएल फाइनेंस लिमिटेड की शिकायत पर अजय सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
कंपनी का आरोप है कि अजय सिंह ने गोल्ड लोन के नाम पर 16.05 लाख रुपये प्राप्त किए। उसने न तो ऋण राशि लौटाई और न ही गिरवी के लिए सोने के आभूषण उपलब्ध करवाए। आईआईएफएल फाइनेंस लिमिटेड के शाखा प्रबंधक राज कुमार ने पुलिस को शिकायत दी।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि उनकी शाखा डबवाली रोड सिरसा में स्थित है। शिकायत के अनुसार, चार मई 2026 को अजय सिंह ने तीन महीने के गोल्ड लोन के लिए आवेदन किया। उसने सोने के आभूषण गिरवी रखने का आश्वासन दिया था।
ऐसे की धोखाधड़ी
आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चार मई को कंपनी ने अजय सिंह के इंडसइंड बैंक खाते में पैसे ट्रांसफर किए। दो एनईएफटी ट्रांजेक्शन के माध्यम से 16 लाख 5 हजार रुपये भेजे गए। कंपनी के कर्मचारियों ने अजय सिंह से ऋण राशि और आभूषण वापस करने को कहा लेकिन आरोपी ने टालमटोल किया और कहा कि जो करना है कर लो। इसके बाद उसने मोबाइल फोन बंद कर लिया और अपने निवास पर भी नहीं मिला। जांच अधिकारी सिद्धार्थ धायल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शहर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच शुरू कर दी गई है और आगामी कार्रवाई की जाएगी।