कुरंगावाली से आने वाली मेन लाइन में खराबी के चलते रातभर परेशान रहे शहरवासी, स्थायी समाधान की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
कालांवाली। कालांवाली में शनिवार रात से रविवार दोपहर तक 16 घंटे बिजली गुल रही। इस कारण आमजन और व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। त्योहारी मौसम में बिजली बाधित होने से कारोबार पर भी बुरा असर पड़ा है।
बिजली निगम के जेई ने बताया कि कुरंगावाली से कालांवाली आने वाली मुख्य बिजली लाइन में खराबी आ गई थी। कर्मचारी रातभर फॉल्ट का पता लगाने और उसे ठीक करने में जुटे रहे। खराबी का सही पता न चल पाने के कारण बिजली आपूर्ति बहाल करने में देरी हुई।
शहरवासियों राजेंद्र कुमार, मनोहर लाल और गुरप्रीत ने बताया कि कालांवाली में बिजली व्यवस्था कई महीनों से खराब है। बिजली बाधित होने पर उसे बहाल होने में 10 घंटे से अधिक का समय लगता है। इससे घरों में पानी की आपूर्ति, घरेलू कामकाज और रोजमर्रा के कार्य प्रभावित होते हैं।
त्योहारों में कारोबार पर असर
दुकानदार मोहित और गुलशन ने बताया कि दिवाली के मौसम में ग्राहक बाजारों में आ रहे हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने से व्यापारिक गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। बिजली न होने से दुकानों में बिजली से चलने वाले उपकरणों का प्रयोग नहीं हो पाता है। इससे खाद्य पदार्थों और अन्य चीजों को तैयार करने में दिक्कतें आती हैं। शहरवासियों ने बिजली व्यवस्था के स्थायी समाधान की मांग की है।