सिरसा। सिरसा शहर में सोमवार को सुबह से ही मौसम में बदलाव नजर आया। सुबह करीब आठ बजे हवा के साथ तापमान 26 डिग्री दर्ज किया गया। इसके साथ ही मौसम बदलता गया और हवा बंद हो गई। मौसम में नमी बढ़ने लगी। दोपहर 12 बजे के करीब गर्मी बढ़ती गई और तापमान 37.7 डिग्री तक पहुंच गया। दो बजे के करीब मौसम में बदलाव आया और चारों और बादलों की घटाएं छाने लगी। जिसके कुछ ही मिनट बाद हल्की बूंदाबांदी होने लगी। करीब पांच मिनट के बाद तेज धूप के साथ बारिश भी बंद हो गई और मौसम में नमी की मात्रा और ज्यादा बढ़ गई। हवा बिलकुल बंद हो गई। इससे तापमान में काफी गिरावट आई और शहर का न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम में बादलों की घटाएं छाई रही। हल्की बारिश के बाद एक बार तेज आंधी आई। शहर के बाजारों में लोगों का आवागमन मौसम बदलने को लेकर बढ़ रहा था। इससे पूर्व बीते दिन रात से ही मौसम में समय समय पर बदलाव हो रहा था। जिस कारण से रात को ही तापमान गिरावट के साथ हवाएं चल रही थी।