सिरसा। सोमवार रात्रि को आए तेज अंधड़ ने जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को कुछ घंटों के लिए बाधित कर दिया। जिला में 150 से अधिक बिजली के पोल नीचे आ गिरे और आधा दर्जन से अधिक बिजली के ट्रांसफार्मर भी गिर गए। तेज अंधड़ की वजह से रात्रि में बिजली आपूर्ति ठप हो गई, जिसे सुबह तक बहाल कर दिया गया। वहीं सिरसा के लाल बत्ती चौक पर रेड लाइट सोमवार रात को तेज अधंड के कारण गिर गई।
सोमवार रात्रि को तेज अंधड़ आया। जिसके कारण अनेक पेड़ गिर गए और अनेक जगह पर बिजली के खंभें भी उखड़ गए। दोपहर तक 150 से अधिक बिजली के खंभें गिरने की सूचना जिला मुख्यालय तक पहुंची थी। महकमे के कर्मचारी रातभर व्यवस्था बहाली में जुटे रहें और सुबह तक सप्लाई शुरू कर दी गई।
काफी नुकसान हुआ है : एसई रणधीर सिंह
विद्युत निगम के अधीक्षण अभियंता रणधीर सिंह ने बताया कि अभी तक 150 से अधिक पोल गिरने की सूचना मिली है। आधा दर्जन ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हुए है। अभी पूरी रिपोर्ट नहीं आई है। अधिकांश एरिया में आपूर्ति बहाल की जा चुकी है। जिन एरिया में पोल टूटे हैं, वहां पर कार्य चल रहा है। शीघ्र ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।