रानियां। घग्गर नदी पर पुल न बनने को लेकर गांव कुत्ताबढ़ के ग्रामीणों ने लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करने की घोषणा की थी। इसी के चलते सुबह गांव का कोई भी मतदाता वोट डालने नहीं आया। गांव के लोगों ने दोपहर तक एक भी वोट नहीं डाला। हालांकि अधिकारी पोलिंग बूथ पर टीमें निश्चित समय पर अपनी ड्यूटी पर तैनात हो गई थी। लेकिन कुत्ताबढ़ गांव में किसी भी पार्टी के उम्मीदवार का कोई भी एजेंट नहीं बना।
भाजपा उम्मीदवार सुनीता दुग्गल भी दोपहर को गांव में पहुंची। सुनीता दुग्गल ने ग्रामीणों को चुनाव करने की अपील की। लेकिन ग्रामीणों के गुस्से के सामने सुनीता दुग्गल भी खाली हाथ लौटी। ग्रामीणों ने अपना दर्द सुनाते हुए कहा कि दिसंबर 2016 में रानियां रैली के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहरलाल ने घग्गर नदी पर कुत्ताबढ़ पुल बनाने की घोषणा की थी। लेकिन आज करीब अढ़ाई वर्ष बीत गए लेकिन अभी तक भाजपा पुल नहीं बनाया है। जिससे खफा होकर ग्रामीणों ने यह फैसला लिया था कि इस बार लोकसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे तो ग्रामीण अपनी बात पर खरे उतरते हुए चुनाव का बहिष्कार किया और वोट नहीं डाले हैं।
डीसी के समझाने के बाद शुरू हुई पोलिंग
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त प्रभजोत सिंह व पुलिस अधीक्षक डॉ. अरुण सिंह ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनसे वोट डालने की अपील की। इस मौके पर एसडीएम अमित कुमार व डीएसपी जगदीश कुमार भी मौजूद थे। उपायुक्त ने ग्रामीणों से कहा जिस मामले को लेकर वे मतदान का बहिष्कार कर रहे हैं, वह उच्चाधिकारियों के पास विचाराधीन है और इस दिशा में सकारात्मक प्रक्रिया चल रही है। उपायुक्त ने कहा कि चुनाव आचार संहिता के चलते मामले की कार्यवाही संबंधी कुछ भी कहना चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन होगा। आचार संहिता के बाद ग्रामीणों के विचाराधीन मामले के संबंध में सकारात्मक कार्यवाही की जाएगी। उपायुक्त के अनुरोध के कुछ देर बाद ही करीब 2 बजे ग्रामीणों ने मतदान करना शुरू कर दिया। लेकिन करीब 40 प्रतिशत मतदान ही हुआ।
उपायुक्त ने किया बूथों का निरीक्षण
उपायुक्त ने सबसे पहले राजकीय महिला महाविद्यालय में बने पिंक बूथ का निरीक्षण किया। जहां अतिरिक्त उपायुक्त मनदीप कौर ने बूथ का निरीक्षण करवाया। पिंक बूथ को गुब्बारों के साथ सजाने के साथ-साथ बूथ के द्वार पर बनी रंगोली भी आकर्षित लग रही थी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बाजेकां, करीवाला, संत नगर, बणी आदि गांवों के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथ पर मतदान प्रक्रिया के लिए ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को कहा कि मतदान की सभी गतिविधियां पूरी सावधानी के साथ करवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कर्मचारियों से हो रही मतदान प्रक्रिया के सफलतापूर्वक संचालन की जानकारी ली। उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान बूथ पर पार्टियों व प्रत्याशियों के ऐजेंटों से भी उनकी पूरी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारी से कहा कि समय-समय पर ईवीएम को चैक करते रहें ताकि मतदान सुचारु रूप से चलता रहे।