संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। क्षेत्र में वीरवार दोपहर को आंधी के साथ तेज बारिश हुई। एक घंटे में करीब 15 एमएम तक बारिश हुई। इस बारिश ने जहां किसानों के अरमान धो दिए तो वहीं शहर में चौक चौराहों पर दो फुट तक पानी जमा होने से वाहन चालकों व शहरवासियों को परेशानी उठानी पड़ी। बारिश और आंधी के कारण खेतों में गेहूं की फसल जमीन पर बिछ गई है। इससे गेहूं व सरसों की फसल में 30 फीसदी तक नुकसान हुआ है।
कुछ दिनों पहले ओलावृष्टि व बारिश के कारण रानियां, ऐलनाबाद क्षेत्र में फसल को काफी नुकसान हुआ था।इसके बाद अब वीरवार को सिरसा, डिंग, कालांवाली क्षेत्र में बारिश हुई। सुबह से मौसम में बार-बार बदलाव के होता रहा। सुबह करीब 11 बजे बूंदाबांदी हुई। इसके बाद दोपहर साढे तीन बजे आंधी के साथ बारिश से किसानों मायूसी छा गई। वहीं, दो शहर के मुख्य चौक चौराहों पर जलभराव की स्थिति बन गई। शहर के निचले क्षेत्रों के मुख्य रोड पर दो फुट तक पानी जमा हो गया। शहर में आंबेडकर चौक, हिसार रोड, परशुराम चौक, शाह सतनाम चौक, हिसारिया बाजार, नोहरिया बाजार, जनता भवन रोड, शिव चौक से मंडी रोड, रानियां रोड से नागरिक अस्पताल रोड, डबवाली रोड व अनाज मंडी में जलभराव की स्थिति बन गई। इस दौरान वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। जन स्वास्थ्य विभाग ने पानी की निकासी के लिए मोटर व इंजन शुरू किए हैं।
जिले में इस वर्ष दो लाख 78 हजार हेक्टेयर में गेहूं व 80 हजार हेक्टेयर में सरसों की बिजाई हुई। जिले में केवल 20 फीसदी ही सरसों की कटाई व कढ़ाई का काम हो पाया है। गेहूं की फसल अब पक कर तैयार हो चुकी है। बारिश व तेज हवा के कारण जिलेभर में फसल को काफी नुकसान पहुंचा है। खेतों में पहले लहराती हुई दिखाई दे रही फसल बारिश के बाद जमीन से साथ बिछी हुई दिखाई दी। मौसम विशेषज्ञों ने शुक्रवार को भी जिले में तेज बारिश व हवा चलने के आसार जताए हैं। इसके कारण किसानों इस वर्ष उत्पादन में काफी नुकसान उठाना पड़ेगा।
इन क्षेत्रों में हुई इतनी बारिश
क्षेत्र एमएम
सिरसा 15
डिंग 06
कालांवाली 06
खुईयामलकाना 06
अबूबशहर 05
रोड़ी 05
गोलेवाला 06
पंजुआना 06
नहराणा 02
बारिश के कारण बिजली भी रही प्रभावित, मंडियों में स्थिति रही समान्य
आंधी के कारण शहर की बिजली आपूर्ति भी करीब एक घंटे तक प्रभावित रही। इसके साथ ही अनाज मंडी में जलभराव की स्थिति बन गई। इस दौरान किसानों की फसल की खरीद प्रक्रिया पर ज्यादा प्रभाव देखने का नहीं मिला। सुबह से ही मौसम खराब होने के चलते किसानों ने पहले ही मंडी के शेड के नीचे सरसों की उपज को उतार दिया और वहीं पर ही सरसों साफ करने की प्रक्रिया की गई। मंडी में करीब 100 किसान सरसों की ट्राॅलियां लेकर पहुंचे। अभी मंडी खाली होने के कारण किसानों को भी कोई खास परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
किसान बोले- तैयार फसल को तबाह करने में मौसम ने नहीं छोड़ी कोई कसर
डिंग व रानियां क्षेत्र किसान मुनीष कुमार, रमेश सहारण, सतबीर सिंह, राजेश कुमार, प्रमोद सिंह ने बताया कि रानियां क्षेत्र में पहले ओलावृष्टि से उनकी पूरी फसल खराब हो गई। अब बारिश के कारण फसलों को काफी नुकसान पहुंचा है। किसानों का कहना है इस वर्ष नाम मात्र ही फसलों की उपज हो जाए वह ही बहुत है। लाभ की कोई उम्मीद तक नहीं है। तैयार फसल को तबाह करने में मौसम कोई कसर नहीं छोड़ रहा है। चार माह से फसल तैयार होने की उम्मीद में बैठे हैं, लेकिन अब बारिश ने उनके अरमानों पर पानी फेर दिया है।
बारिश के बाद डिंग क्षेत्र में जमीन पर बिछी गेहूं की फसल। संवाद