संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। शहर के सुरखाब चौक के पास इलेक्ट्रिक की दुकान के ताला तोड़कर चोर पांच इनवर्टर, 15 बैटरी व 20 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। शहर थाना पुलिस ने दुकान मालिक की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
दुकान मालिक इंद्रजीत ने बताया कि उसकी कंवल इलेक्ट्रिक वर्क्स के नाम से दुकान है। शुक्रवार रात को वह दुकान बंद करके अपने घर चला गया था। शनिवार सुबह आया तो दुकान के शटर के दोनों ताले टूटे मिले। दुकान से पांच इनवर्टर व 15 बैटरी गायब मिली। इसके अलावा गल्ले से 20 हजार रुपये भी चोरी हो चुके थे। वारदात की सूचना डायल 112 पुलिस को दी। इसके बाद शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। दुकान मालिक इंद्रजीत का कहना है कि कुछ दिन पहले पड़ोस की दुकान में भी चोरी हुई थी। चोर दुकान में से 20 हजार रुपये चुरा कर ले गए थे। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में लगता है कि तीन से चार लोगों ने वारदात को अंजाम दिया है। अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल जा रही है।