ऐलनाबाद। मुख्य अनाज मंडी में गेहूं खरीद को लेकर आढ़ती एसोसिएशन जसबीर सिंह चहल व हैफेड मैनेजर प्रदीप खन्ना के बीच तीखी बहस हो जाने के बाद तीनों एजेंसियों ने रविवार को हड़ताल कर दी। एजेंसियों ने खरीद के साथ उठान भी बंद कर दिया है। इससे रविवार को किसान व आढ़ती पूरा दिन परेशान दिखे। वहीं मौसम खुल जाने के कारण कटाई व आवक काफी तेज हो गई है । अब तक मंडी में 50000 क्विंटल से अधिक आवक हो चुकी है। उधर, नाराज खरीद एजेंसी अधिकारियों का कहना है कि बिना सुरक्षा इंतजामों के वह खरीद नहीं करेंगे। इसके बारे उन्होंने उच्च अधिकारियों को सूचित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार गत दो दिनों से तीनों एजेंसियों ने खरीद शुरू कर दी थी । इसी बीच हैफेड मैनेजर प्रदीप खन्ना मंडी में गेहूं की ढेरियां देख रहे थे। वह जैसे ही आढ़ती एसोसिएशन पूर्व प्रधान जसबीर चहल की दुकान के आगे पहुंचे तो गेहूं खरीदने को लेकर दोनों में बहस हो गई। बात बहस के साथ-साथ एक दूसरे का हाथ पकड़ने पर जा पहुंची। आसपास खड़े लोगों ने दोनों को समझाकर अलग किया। जिसके बाद हैफेड के साथ-साथ वेयर हाउस व खाद्य आपूर्ति विभाग ने भी चल रही खरीद को बंद करवा दिया ।
धौलपालिया व भूर्टवाला में खरीद जारी--
वहीं कसबे के ग्रामीण खरीद केंद्र धौलपालिया व भूर्टवाला पर खरीद सुचारू रही। अब तक धौलपालिया में करीब 14000 क्विंटल जबकि भूर्टवाला से करीब 3000 क्विंटल गेहूं की खरीद हो चुकी है ।
बदसलूकी के कारण बंद करवाई खरीद
वह मंडी में खरीद कर रहे थे। तभी आढ़ती एसोसिएशन के पूर्व प्रधान जसवीर चहल ने उनके साथ बदसलूकी करते हुए बुरा भला कहा है। अब वे लोग बिना सुरक्षा इंतजाम के खरीद नहीं करेंगे। पूरी घटना की जानकारी हैफड के डीएम व उच्चाधिकारों को दे दी है, अब सोमवार को उनकी तरफ से जो आदेश आएंगे, उनका पालन किया जाएगा।
- प्रदीप खन्ना, हैफेड मैनेजर ऐलनाबाद
केवल गेहूं लिखने को कहा -- पूर्व प्रधान
उन्होंने हैफड के मैनेजर के साथ किसी तरह का कोई दुर्व्यवहार नहीं किया है। उनकी दुकान पर 2 हजार क्विंटल से अधिक गेहूं आया हुआ था। मैनेजर ने केवल 500 क्विंटल गेहूं लिखा, जिस पर उन्होंने एतराज जताते हुए कहा कि उनकी दुकान पर आया किसानों का सारा गेहूं लिखा जाना चाहिए। वहीं उन्होंने बताया कि 60 पैसे प्रति बैग सुविधा शुल्क लेने के बाद भी गेहूं नहीं उठाया जा रहा।
- जसबीर चहल, पूर्व आढ़ती एसोसिएशन अध्यक्ष ऐलनाबाद