अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव के उपलक्ष्य में चौ. देवीलाल विश्वविद्यालय के मल्टीपर्पज हॉल में आयोजित जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव के तीसरे दिन प्रथम सत्र में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विजय कुमार कायत ने भगवान श्री कृष्ण की प्रतिमा व श्रीमद् भगवद् गीता के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इससे पूर्व डॉ. कायत ने विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं अन्य गतिविधियों पर आधारित 29 प्रदर्शनियों का अवलोकन कर जानकारी ली। उन्होंने उद्योग विभाग की प्रदर्शनी में लगे मिट्टी के बर्तनों की तारीफ करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति पुन: लौट रही है। इसी प्रकार आयुष विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी में रखे गए आयुर्वेदिक पौधों व दवाईयों के महत्व बारे विस्तार से जानकारी ली।
इस अवसर पर सतलुज सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छोटी बेटी डोरीन मेहता ने नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। साथ ही राजकीय उच्च विद्यालय मोरीवाला के बच्चों ने कृष्ण-अर्जुन संवाद की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को कर्म का संदेश दिया। इसके अलावा नटराज चंद्र एंड पार्टी ने राधा-कृष्ण नृत्य प्रस्तुत कर उपस्थित जनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों की गीता ज्ञान पर आधारित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता भी करवाई गई। इन प्रतियोगिताओं में डीएवी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीम प्रथम, एसएस जैन सीनियर सेकेंडरी की टीम द्वितीय तथा जीआरजी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीम तृतीय स्थान पर रही। महोत्सव में सूचना, जनसम्पर्क एवं भाषा विभाग के कलाकारों ने श्रीमद्भागवत गीता से जुड़े गीत प्रस्तुत कर समा बांध दिया। इस अवसर पर एनआईसी के डीआईओ संजय साहनी, तहसीलदार संजय चौधरी, उप निदेशक कृषि डॉ. बाबूलाल, दिव्य ज्योति जागृति संस्थान से राजेश दुआ व उनकी टीम, संस्कृत प्रवक्ता द्रोण प्रसाद कोईराला, जीयो गीता परिवार से संयोजक लेखराज सचदेवा, सहायक परियोजना अधिकारी शशी सचदेवा, राज्य शिक्षक अवार्ड सुखदेव सिंह ढिल्लो व स्वयं सेवी संस्थाएं एवं अन्य मौजिज व्यक्ति भी उपस्थित थे।