अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। सिरसा में परियोजनाओं की आधारशिला और उद्घाटन के बाद सीएम पत्रकारों से बातचीत के दौरान खफा हो गए। एक पत्रकार ने कहा कि सीएम विंडो पर आई शिकायतों का समाधान न होने से विंडो फेल हो रही है। सीएम ने कहा कि ऐसा नहीं है। पिछली सरकारों की गलत नीतियों के कारण सीएम विंडो पर अब तक चार लाख शिकायतें आई हैं। पत्रकार ने कहा कि अधिकारी खुद ही जांच करके जवाब सबमिट करवा रहे हैं। सीएम ने कहा कि ऐसा नहीं है। जांच करवा रहा हूं। पत्रकार ने कहा कि ऐसा ही है। इस पर सीएम ने कहा कि मीडिया प्रश्न पूछता है आरोप नहीं लगाता। सीएम ने कहा आप प्रश्न पूछिए। सीएम बोले ,मेरे मित्र मुझे इन शिकायतों का ज्यादा पता है। पत्रकार ने कहा कि पता होता तो एक्शन होता। सीएम ने कहा कि अरे हो रहा है, कल भी दो लोग सस्पेंड किए हैं। ये पत्रकारों के तौर तरीके नहीं है। पहले तौर तरीके सीखें। मुझे आपकी नहीं सुननी, जनता की सुननी है। मीडिया पूछ सकता है, मीडिया माध्यम है। जनता की बात बताओ तो ठीक है। बोलने की तमीज सीखो। यह कहकर सीएम चलने लगे। इसी दौरान उनके सुरक्षा कर्मचारियों ने मीडिया कर्मचारियों को धक्के मार कर पीछे कर दिया।