अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
मिठी सुरेरा स्थित किसान पेट्रोल पंप में तेल डलवाने आए एक बाइक सवार युवक पर शुक्रवार सुबह का कुछ लोगों ने हमला करके अपहरण कर लिया। अपहरणकर्ता युवक को गाड़ी में डालकर तलवाड़ा झील पुलिस थाने में ले गए और यहां उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद से ऐलनाबाद में सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। पुलिस ने युवक के बयान पर चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार गांव मिठी सुरेरा निवासी कालू राम शुक्रवार सुबह किसान सेवा पेट्रोल पंप पर तेज डलवाने आया था। इसी दौरान गाड़ी में सवार होकर चार लोग आए और उस पर डंडों से हमला कर दिया। उक्त लोग उसे गाड़ी मेें डालकर तलवाड़ा झील पुलिस थाने में ले गए। थाने मेें उक्त लोगों ने उसे बुरी तरह पीटा। अपहरण की सूचना मिलने पर ऐलनाबाद पुलिस ने हर तरफ नाकेबंदी करके अपहरणकर्ताओं की तलाश शुरू कर दी। दोपहर को अपहरणकर्ता कालूराम को ऐलनाबाद में सड़क किनारे फेंककर चले गए। लोगों ने उसे अस्पताल में दाखिल करवाया। इसके बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और कालू राम का बयान दर्ज किया। पुलिस ने बयानों के आधार पर प्रमोद कुमार निवासी मिठनपुरा, ओम भाट निवासी ममेरा सहित दो अज्ञात युवकों के खिलाफ अपहरण व हमला करने का केस दर्ज किया है। जांच अधिकारी हनुमान का कहना है कि आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गांव कोटली में पति ने पत्नी को लोहे की पाइप से पीटा
सिरसा। गांव कोटली में पति ने पत्नी पर लोहे की पाइप से हमला कर दिया। पुलिस ने घायल महिला का बयान दर्ज करके आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज किया है। सिविल अस्पताल में उपचाराधीन रानी देवी का कहना है कि गत दिवस वह पड़ोस के घर में गई हुई थी। पति मदन लाल उसे बुलाने आया, उसने पति से कहा कि अभी आती हूं। घर जाने पर मदन लाल ने उसे कहा कि उसके बुलाने पर वह क्योें नहीं आई और इसी बात को लेकर उसने लोहे की पाइप से उसपर हमला कर दिया। शोर मचाने पर पड़ोस के लोगों ने उसे छुड़वाया। लोगों ने उसे अस्पताल में दाखिल करवाया। जांच अधिकारी पवन कुमार ने बताया कि वे घटना की सूचना मिलने पर सिविल अस्पताल पहुंचे और घायल रानी देवी का बयान दर्ज किया। बयानों के आधार पर आरोपी पति मदन लाल के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
पेट्रोल पंप से युवक का अपहरण, तलवाड़ा झील पुलिस थाने में ले जाकर मारपीट
आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज