सिरसा। शहर के प्रेम नगर में बुधवार सुबह तेज बारिश के बीच एक मकान पर आसमानी बिजली गिरी। आसमानी बिजली गिरने से जोरदार धमाका हुआ और मकान की दीवारों में दरारें आ गईं। मकान में पड़े बिजली उपकरण व तारें भी जल गई।
प्रेम नगर निवासी यशदीप ने बताया कि उनका लोहे के दरवाजे बनाने का कारोबार है। बुधवार सुबह छह बजे बारिश शुरू हो गई थी। करीब साढ़े आठ बजे तेज गर्जन के बिजली उनके मकान पर गिरी। बिजली गिरने का धमाका काफी तेज था। बिजली गिरने के साथ ही मकान की दीवारों में दरार आ गई। बिजली के स्विच उखड़कर बाहर निकल आए और सारी तारें जल गई। इसके अलावा कमरे में पड़ी एलसीडी व वाशिंग मशीन भी खराब हो गई। यशदीप का कहना है कि मकान में उनके अलावा उनकी पत्नी मौजूद थी। बिजली गिरने के बाद वे दोनों भयभीत होकर मकान के बाहर चले गए।