हड़ताल का दूसरे दिन कई जगहों पर किसानों ने मंडियां करवाई बंद, किसानों पर 6 मामले दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
गांव बंद के दूसरे दिन जिले में दूध की सप्लाई बंद रही। सिरसा सब्जी मंडी में किसान सब्जी लेकर नहीं आए। बाहर से जो सब्जी व फ्रूट आया था उसे भी कोई खरीददार नहीं मिला। ऐसे में सब्जी मंडी में शनिवार को काम काज बंद रहा। वहीं सिरसा मिल्क प्लांट के अधिकारियों ने रात को निदेशकों और सहकारी समितियों के सदस्यों को दूध सप्लाई करने के निर्देश दिए। लेकिन निदेशकों और सहकारी समितियों ने मना कर दिया। शनिवार को मिल्क प्लांट से रानियां के करीवाला गांव में गाड़ी गई। गांव की सोसाइटी पर दूध भी आ गया। लेकिन पंचायत ने पहुंचकर गाड़ी को वापस भेज दिया। निकटवर्ती गांव मंजिल थेड़ से मिल्क प्लांट को करीब 150 लीटर दूध मिला। रानियां और जीवनगर मंडी में सुबह किसानों ने सब्जी बेचने वाले लोगों को वापस भेज दिया।
रानियां में गुरुद्वारे में किसानों ने दूध का लंगर लगाया। कुत्ताबढ़ और ढुढियांवाली में किसानों ने दूध और सब्जी लेकर जा रहे दूसरे किसानों को समझाया कि इससे हड़ताल कमजोर होगी। तब सभी किसानों ने हड़ताल को सफल बनाने की हामी भरी। वहीं जीवन नगर मंडी में किसानों ने सब्जी बेचने वालों को चेतावनी दी कि वे हड़ताल तक न आए। रानियां में शाम को किसान संगठनों ने गुरुद्वारे में बैठक की। वहीं जिला पुलिस ने दूध व सब्जी की जबरदस्ती सप्लाई रोकने, छीना झपटी के आरोप में पुलिस ने 6 मामले दर्ज किए हैं। इससे किसानों में रोष फैल गया और शाम को बैठकें जारी रही।
रानियां में चार मामले दर्ज
जिला पुलिस ने रानियां व कालांवाली क्षेत्र में दूध की डेयरी, फल व सब्जी की दुकान में घुसकर छीना झपटी करने व रोड जाम कर आमजन को बाधा पहुंचाने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत चार अभियोग दर्ज किए हैं। रानियां पुलिस ने कुछ लोगों द्वारा शहर की दुकानों में घुसकर तोड़फोड़ करने, फल, सब्जियां व दूध बिखरने के मामले में संज्ञान लेते हुए तीन मामले दर्ज किए हैं। पहले मामले में राजीव पुत्र प्रेमचंद निवासी रानियां की शिकायत पर 25 से 30 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। राजीव ने बताया कि सिरसा से जब वह गाड़ी में सब्जी व फल लेकर रानियां आ रहा था तो 25 से 30 लोगों ने मिलकर गाड़ी में रखा सामान बिखेर दिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। दूसरी घटना में मोहनलाल पुत्र रामचंद्र निवासी रानियां ने बताया कि उसकी दूध व करियाने की दुकान है। उसने कहा कि 50 से 60 लोग दुकान पर आए और दुकान में घुसकर छीना झपटी की। एक अन्य मामले में रानियां निवासी नरेंद्र पुत्र सीता राम ने बताया कि उसकी दूध की डेयरी है। 60 से 70 लोग डेयरी में घुस आए और छीना झपटी का प्रयास किया। कालांवाली क्षेत्र के गांव तख्तमल में 45 से 50 लोगों द्वारा रोड जाम कर लोगों को बाधा पहुंचाने के आरोप में केस दर्ज किया है।
मोटरसाइकिल यात्रा निकालकर किसानों को किया जागरूक
चोपटा। किसानों के गांव बंद अभियान के दूसरे दिन खंड के गांव गुडिया खेड़ा के समाज सेवी युवा क्लब एंव ग्राम पंचायत के आह्वान पर ग्रामीण युवा किसानों ने बाइक रैली निकालकर प्रदेश व देश सरकार के खिलाफ रोष प्रकट किया। युवा किसानों ने गांव की गली-गली में जाकर किसानों को इस आंदोलन में शामिल होने की अपील करते हुए इसके भविष्य के फायदों के बारे में बताया। युवाओं ने शनिवार सुबह गांव के शहीद चंद्रशेखर आजाद चौक एकत्रित होकर बाइक रैली निकालनी शुरू की। बाइक सवार युवाओं ने %जय जवान-जय किसान’, %किसान एकता जिंदाबाद’ व %स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करो’ के नारे लगाते हुए गली-गली में जाकर विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद समाजसेवी युवा क्लब के सदस्य एंव युवा किसान ढूकड़ा गांव में बाइक रैली लेकर पहुंचे जहां पर गांव के मुख्य बस स्टैंड पर धरने पर बैठे किसान भी बाइक रैली में शामिल होकर गांव में जुलूस के रूप में बाइक रैली निकाली और किसानों के आंदोलन के बारे में ग्रामीणों को बताया।
कालांवाली में जबरदस्ती हड़ताल में शामिल करने की कोशिश
किसानों की 10 दिवसीय हड़ताल के दूसरे दिन काफी असर देखने को मिला। शहर में आमजन को जहां सब्जी व दूध सप्लाई ना आने के चलते परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं शहर की सब्जी मंडी व गांव तख्तमल में किसानों की ओर से सब्जी मंडी में आढ़तियों के पास आई फल व सब्जी के गाड़ी चालकों के साथ जबरदस्ती हड़ताल में शामिल करने की कोशिश की गई। जिस पर कालांवाली पुलिस की ओर से किसान नेता गुरदास सिंह लक्कड़वाली सहित करीब चार दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कार्रवाई शुरू की गई। हड़ताल के दूसरे दिन किसी आढ़ती की दुकान पर दिल्ली से फल से भरा ट्रक आया था। जिस पर गांव झोरडोही, लक्कड़वाली और दादू के किसानों ने आकर ट्रक ड्राइवर को दुकान पर माल उतारने से भी रोका गया। आढ़तियों ने काफी विरोध किया और कालांवाली पुलिस को सूचित किया। जिस पर कालांवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जबरदस्ती ना करने की चेतावनी दी। जिसके बाद ट्रक डाइवर माल दुकान पर उतारकर गांव तख्तमल के रास्ते पंजाब को चल पड़ा। जैसे ही वह गांव तख्तमल में पहुंचा तो वहां नाका लगाकर बैठे ग्रामीणों ने उस ट्रक ड्राइवर रोक लिया। गांव तख्तमल में ग्रामीणों की ओर से पहले ही कई गाड़ियों को रोका जा रहा था। कुछ ग्रामीणों ने ट्रक में से फलों की पेटियां निकालकर लोगों को बांटने व वहां रोकी गई गाड़ियों के टायरों की हवा निकालने का प्रयास किया गया। लेकिन कई समझदार ग्रामीणों ने उन्हें ऐसा करने से रोक लिया। उक्त मामले की वाहन चालकों ने पुलिस को शिकायत दी। जिस पर कालांवाली थाना प्रभारी गुलजारी लाल ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया और जबरदस्ती ना करने की चेतावनी दी। लोगों ने गाड़ियों के कागज चेक कर चालान करने की अपील की। थाना प्रभारी ने गाड़ियों को पुलिस स्टेशन ले जाकर कागजात चेक कर चालान करने की बात की और गाड़ियां थाने में ले गए। थाना प्रभारी गुलजारी लाल ने बताया कि रोड़ पर जाम लगाकर लोगों को बाधा पहुंचाने पर कालांवाली थाना में गुरदास सिंह लकड़वाली, जगरजंग सिंह दादू, अवतार सिंह फौजी तख्तमल, राजू सिंह तख्तमल, सेमी सिंह व प्रीत सिंह झोरडोही सहित 40-50 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर अगामी कार्रवाई शुरू की दी है।
दूसरे दिन भी जारी रहा गांव बंद अभियान
किसान जागृति मंच के प्रदेशाध्यक्ष यश भाम्भू निरबाण ने कहा है कि 1 जून से देशभर में शुरू हुआ ‘गांव बंद-किसान छुट्टी पर’ आंदोलन सफलतापूर्वक दूसरे दिन में प्रवेश कर गया है। उन्होंने कहा कि देशभर में इस आंदोलन का जबरदस्त असर देखने को मिल रहा है तथा गांवों के लोग चौपालों में इकट्ठे होकर शांतिपूर्वक तरीके से अपना रोष प्रकट कर रहे हैं। दूध, फल, सब्जी शहर में न बेचकर गांवों के गरीबों में बांट रहे हैं, लोगों के बीच कहीं खीर तो कहीं शरबत और कहीं पर खाद्य सामग्री को गोशालाओं में दान किया जा रहा है। उन्होंने सभी किसान भाईयों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी खाद्य पदार्थ को बेकार में नष्ट न होने दें।
साहुवाला प्रथम में भी किसानों ने बंद का समर्थन किया
मालवा यूथ क्लब साहुवाला प्रथम में ग्रामवासियों ने हड़ताल का समर्थन किया। गुरप्रीत प्रधान, सुखदीप, मनप्रीत, सुखदेव सिंह, अमृत, पंकज, बबनजीत, , काका सिदू, गुरचरणेसिंह, भूरा सिंह, सुखराज मिंटू ने हड़ताल का समर्थन किया।
कानून हाथ में लेने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा: एसपी
पुलिस अधीक्षक हामिद अख्तर ने शनिवार दोपहर बाद जिले के पुलिस अधिकारियों व थाना प्रभारियों की बैठक ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस बैठक में किसानों द्वारा किए जा रहे आंदोलन को लेकर पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता व चौकसी बरतने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि कानून हाथ में लेकर रोड जाम कर आम आदमी को बाधा पहुंचाने वालों व दूध-फल-सब्जी विक्रेताओं से छीना झपटी करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। जिला पुलिस ने इस दौरान रोड जाम कर आम आदमी को बाधा पहुंचाने व दूध-फल-सब्जी विक्रेताओं से छीना झपटी करने के मामले में अब तक छह अभियोग दर्ज कर वांछित आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। इस संबंध में रानियां थाना में तीन, ऐलनाबाद में एक, कालांवाली में एक तथा एक मामला डिंग थाना में दर्ज किया गया है।
----
डीसी ने ली अधिकारियों की बैठक
उपायुक्त ने सभी उपमंडलाधीश, सभी मार्केट कमेटियों के सचिव, मिल्क प्लांट के सीईओ की बैठक ली। उपायुक्त प्रभजोत सिंह ने कहा कि रोजमर्रा की वस्तुओं की सप्लाई में किसी को बाधा नहीं डालने दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि जीवन की दैनिक उपयोग की वस्तुओं की प्राप्ति प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। यदि दूध, सब्जियों व अन्य खाद्य सामग्री की सप्लाई में कोई भी व्यक्ति व्यवधान डालता है तो उसके खिलाफ कानूनी कार्यवाही की जाए और आवश्यकता पड़े तो इसके लिए पुलिस का सहयोग भी लें। उन्होंने लोगों से भी अपील की है कि वे भी संयम बरते और इन वस्तुओं की सुचारु सप्लाई रखने के लिए प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें। उन्होंने सभी उपमंडलाधीशों को निर्देश दिये कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में परिस्थितियों पर निगरानी रखें।
-------
फोटो: 11, 12, 13