तीन दुकानों से भरे खाद्य पदार्थों के सैंपल
कालांवाली। दीपावली पर मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे अभियान के तहत एसडीएम बिजेंद्र सिंह के नेतृत्व में शनिवार को खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम ने शहर की कई दुकानों पर छापामारा। इस दौरान टीम ने दो मिठाई व एक करियाणा की दुकान से खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे। उन्हें जांच के लिए चंडीगढ़ लैब में भेजा जाएगा।
एसडीएम बिजेंद्र सिंह के नेतृत्व में खंड ओढां के बीडीपीओ ओमप्रकाश, एसएमओ डॉ. भूषण गर्ग, खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी रोहताश, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के फूड इंस्पेक्टर ऋषिकांत भाटिया, कालांवाली थाना प्रभारी सुखजीत सिंह की टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर की सिंगला करियाणा स्टोर से सरसों के तेल का सैंपल भरा। इसी तरह लुहानी स्वीट्स की दुकान से खोये के सैंपल भरने के अलावा खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने दो घरेलू सिलेंडर भी जब्त किए। इसके साथ ही एक अन्य मिठाई की दुकान से टीम ने रसभरी और गुलाब जामुन की मिठाई के सैंपल लिये। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की टीम ने 9 कैन तेल के बरामद किए। एसडीएम बिजेंद्र सिंह ने दुकानदारों को अशुद्ध, खराब, मिलावटी खाद्य पदार्थ नहीं बेचने की हिदायत दी और कहा कि ऐसा पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।