6 से 7 अगस्त तक महिलाओं को फ्री बस सेवा
रक्षाबंधन पर महिलाएं 36 घंटे कर सकेंगी रोडवेज बसों में नि:शुल्क यात्रा
125 बसों की मिलेगी सुविधा, 15 साल तक के बच्चे को भी ले जा सकेंगी साथ
अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा।
रक्षाबंधन पर्व पर प्रदेश सरकार की ओर से महिलाओं को रोडवेज में नि:शुल्क यात्रा देने की दी जा रही सुविधा इस बार भी 36 घंटे तक उपलब्ध करवाई जाएगी। यह सुविधा रक्षाबंधन से एक दिन पूर्व अर्थात 6 अगस्त को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी और 7 अगस्त की रात 12 बजे तक जारी रहेगी। इस दौरान महिलाएं अपने साथ अपने 15 वर्ष तक के बच्चे को भी नि:शुल्क ले जा सकेगी। इसके लिए रोडवेज अमले ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
इस दौरान महिलाओं को सुरक्षा देने के लिए भी बसों में और बस स्टैंड में महिला और पुरुष पुलिस कर्मचारियों की विशेष तैनाती की जाएगी, ताकि शरारती तत्वों द्वारा किसी को परेशान न किया जा सके। सिरसा डिपो की ओर से अपनी 125 बसों के माध्यम से यह सुविधा महिलाओं को उपलब्ध करवाई जाएगी। हालांकि रोडवेज के बेड़े में 198 बसें हैं, लेकिन चालकों और परिचालकों की कमी के कारण अन्य बसें नहीं चलाई जा सकेंगी। रक्षाबंधन पर्व पर दूर-दराज रह रहे या नौकरी कर रहे अपने भाइयों के पास जाने के लिए रोडवेज की नि:शुल्क सुविधा लेने के लिए महिलाओं ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं।
62 चालक और 66 परिचालकों की कमी
सिरसा डिपो में कुल 198 बसें हैं। सरकार की ओर से सिरसा जिले में कुल 294 चालक तथा 294 परिचालकों के पद स्वीकृत हैं पर फिलहाल 232 चालक तथा 228 परिचालक ही कार्यरत हैं। यानि 62 चालकों तथा 66 परिचालकों की कमी है, जिसकी वजह से सभी बसों की सुविधा नहीं दी जा सकेगी। इतना ही नहीं अड्डा कंडक्टर के 37 तथा अन्य कर्मचारियों के छह पद स्वीकृत हैं, जो कि सभी खाली पड़ी हैं।