72 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठे पांच एनएचएम कर्मचारी
सिरसा। मांगों को लेकर एनएचएम कर्मचारियों द्वारा प्रदेशभर में की जा रही हड़ताल 15वें दिन में प्रवेश कर गई। मंगलवार को 72 घंटे की भूख हड़ताल शुरू करते हुए पांच एनएचएम कर्मचारी भूख हड़ताल पर बैठ गए। उधर, मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने सात एंबुलेंस चालकों की भर्ती कर ली। बाकि 27 चालकों की नियुक्ति बुधवार को की जाएगी।
एनएचएम कर्मचारियों द्वारा नियमित किए जाने, सेवा सुरक्षा व अन्य मांगों को लेकर जिलाभर के एनएचएम कर्मचारी हड़ताल पर हैं और नागरिक अस्पताल में धरना दिया जा रहा है। मंगलवार को प्रदेश कार्यकारिणी के आह्वान पर कर्मचारी 72 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठे। भूख हड़ताल पर बैठने वालों में पांच कर्मचारी शामिल हैं, जिनमें लखविंद्र सिंह, समीर, रणधीर, कुलवीर सिंह व वीरपाल कौर शामिल है। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जाती तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारियों ने स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज द्वारा मांगों को जायज न मानने के बयान की निंदा की। इस मौके पर एनएचएम कर्मचारी संघ के प्रधान कुंदन गावडिय़ा, अनिल मलिक, चेतन, डॉ. जयपाल, सुरेंद्र मौजूद थे।
आज प्रदर्शन करेंगे कर्मचारी
बुधवार को एनएचएम कर्मचारी सिविल अस्तपाल परिसर में भैंस के आगे बीन बजाकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करेंगे। प्रधान कुंदन गावडिय़ा का कहा है कि सरकार को एनएचएम कर्मियों की मांगे सुनाई नहीं दे रही हैं। इसलिए बहरी सरकार को जगाने के लिए भैंस के आगे बिन बजाकर विरोध जताया जाएगा। उन्होंने कहना कि बर्खास्त की कार्रवाई से एनएचएम कर्मचारी भयभीत होने वाली नहीं। हरहाल में सरकार को उनके आगे झुकना होगा। हड़ताल के चलते अस्पताल में आने वाले मरीजों व उनके तीमारदारों को खासी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
कोट्स
------------------------
रोडवेज विभाग की ओर से भेजी गई चालकों की सूची में से सात चालकों की नियुक्ति स्वास्थ्य विभाग ने कर ली है। 21 चालकों की नियुक्ति बुधवार को कर ली जाएगी। स्वास्थ्य सेवाओं को हड़ताल के कारण प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा। विभाग के पास पर्याप्त मात्रा में नियमित स्टॉफ है।
डॉ. विरेश भूषण, डिप्टी सिविल सर्जन सिरसा।