अमर उजाला ब्यूरो
सिरसा। पुलिस प्रशासन की ओर से रविवार को शहीद भगत सिंह स्टेडियम में राहगीरी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त प्रभजोत सिंह व अतिरिक्त उपायुक्त आम्रा तस्नीम ने दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में बच्चे, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने बढ़चढ़ कर भाग लिया। इस दौरान केएल ग्रुप के कलाकारों ने नशे के दुष्प्रभाव को नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताया और बुराइयों को खत्म करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर विवेकानंद स्कूल के बच्चों ने स्वच्छता पर नाटक प्रस्तुत कर लोगों को स्वच्छता के महत्व के बारे में बताया। इसके अलावा चाहत गोयल और अन्य बच्चियों ने भी स्टेज पर भव्य सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस दौरान स्टेडियम के अंदर विभिन्न खेल गतिविधियां आयोजित की गई थी। जिनमें साइकिलिंग, स्केटिंग, योगा कार्यक्रम, मटका दौड़, रस्सा कस्सी, वालीवाल, फुटबाल, टेनिस शामिल थी। इस कार्यक्रम में यातायात नियमों बारे जानकारी देने व महिला सुरक्षा से संबंधित स्टॉल भी लगाई गई थी। इस अवसर पर प्रो. चिमन भारतीय ने लोगों का चुटकुलों व शायरी द्वारा मनोरंजन किया गया। इस मौके पर उप पुलिस अधीक्षक रविंद्र तोमर, नरेंद्र सिंह, एसएचओ सुनीता रानी, सुशील बाला , एपीसी शशी सचदेवा सहित कई अधिकारी उपस्थित थे।