सिरसा। नगर परिषद द्वारा सरकुलर रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर परिषद की टीम मुख्य सफाई निरीक्षक देवेंद्र बिश्नोई की अगुवाई में रोड़ी गेट पहुंची। सरकूलर रोड पर दुकानदारों ने ट्रंक, पेटिया, अलमारी व अन्य सामान रखकर अतिक्रमण किया हुआ है। इस रोड के दुकानदारों को नगर परिषद के अधिकारियों द्वारा कई बार अल्टीमेटम भी दिया गया था। टीम ने अतिक्रमण करने वालों को सेक्शन-182 के तहत नोटिस थमाए।
नगर परिषद ने दुकानदार अमित, नरेश, राजेश, बसंत, फुटेला स्टील सरकूलर रोड, धींगड़ा बूट हाऊस रोड़ी बाजार, सन्नी गारमेंटस सदर बाजार को अतिक्रमण करने पर नोटिस थमाए। नगर परिषद की कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया और उन्होंने आनन-फानन में सामान दुकानों के भीतर रखना शुरू कर दिया।
6 पॉलिथीन विक्रेताओं को नोटिस
नगर परिषद द्वारा शहर के विभिन्न एरिया में अभियान चलाकर पॉलिथिन का इस्तेमाल करने वाले दुकानदारों के चालान काटे। टीम ने सरकुलर रोड स्थित वधवा रेस्टोरेंट से 100 ग्राम पॉलिथीन पाए जाने पर नीरज को नोटिस थमाया। सदर बाजार स्थित चंदन बेकरी से एक किलो पॉलीबैग मिलने पर नेक सिंह को नोटिस दिया। डाकघर के निकट गोयल बेकरी से 500 ग्राम पॉली बैग बरामद किया। रोड़ी बाजार में लालचंद पंसारी से 100 ग्राम पॉलीबैग मिलने पर सहदेव, रोड़ी बाजार में चंद्र मोहन तथा सदर बाजार में रसीला कुल्फी के संचालक अशोक कुमार को नोटिस जुर्माने के नोटिस थमाए।
---------
खुले में कूड़ा जलाने पर अस्पताल को नोटिस
सांगवान चौक स्थित सतगुरु प्रताप सिंह हेल्थ केयर को नगर परिषद द्वारा नोटिस किया गया है। मुख्य सफाई निरीक्षक देवेंद्र बिश्रोई ने बताया कि अस्पताल के कर्मचारी द्वारा खुले में अस्पताल का कूड़ा-कचरा जलाया जा रहा था। जिस पर अस्पताल को बर्निंग वेस्ट के तहत नोटिस दिया गया है। अस्पताल प्रबंधन को कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा गया है। जवाब आने पर जुर्माने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उल्लेखनीय है कि जिला प्रशासन ने किसी भी प्रकार के कूड़े को खुले में जलाने पर पाबंदी लगाई हुई है और इसके लिए जुर्माने का प्रावधान किया हुआ है।