संवाद न्यूज एजेंसी
सिरसा। जिले के सड़कों की सूरत अब जल्द ही बदलने वाली है। 125 करोड़ रुपये के बजट से जिले में 100 सड़कों का निर्माण व मरम्मत करवाई जाएगी। यह कार्य तीन माह में पूरा किया जाएगा। इससे वाहन चालकों का सफर आसान होगा। पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने ठेकेदारों को वर्क आर्डर जारी किया गया है। कई जगह निर्माण कार्य भी शुरू करवा दिया गया है।
विधानसभा क्षेत्र में रोड की मरम्मत व निर्माण करवाने के लिए सरकार ने विधायकों को 25-25 करोड़ रुपये का फंड जारी किया गया था। इसके बाद विधायकों ने अपने क्षेत्र के खराब व खस्ताहाल सड़कों का प्रपोजल बनाकर भेजा था। पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने इन सड़कों की स्थिति जांचने के बाद उसका एस्टीमेट तैयार कर सरकार को भेजा। वहां से स्वीकृति मिलने के बाद विभाग ने टेंडर प्रक्रिया कर संबंधित ठेकेदारों को वर्क ऑर्डर जारी कर दिए गए हैं। कई स्थानों पर इसका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है। पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने ठेकेदारों को तीन माह निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
रानियां विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा 49 सड़कों का होगा निर्माण व मरम्मत
जिले में पांच विधानसभा है। इनके विधायकों को सरकार की ओर से फंड जारी किया गया है। इनमें रानियां विधानसभा क्षेत्र में सबसे से अधिक 49 सड़कों की मरम्मत व निर्माण कार्य किया जाना है। सिरसा विधानसभा क्षेत्र में करीब 16, कालांवाली में 10, डबवाली में 10 व ऐलनाबाद में करीब 15 सड़कों का निर्माण किया जाएगा।
वर्जन
विधायकों के फंड से रोड का निर्माण कार्य करवाया जाना है। जिले में करीब 100 रोड का निर्माण होना है। इसपर 125 करोड़ खर्च होगा। इसके लिए कई स्थानों पर काम शुरू हो चुका है। कई स्थानों पर निर्माण कार्य जल्द ही शुरू करवा दिया जाएगा। संबंधित एजेंसियों को जल्द से जल्द काम पूरा करने के निर्देश भी दिए है और रोड निर्माण की जांच भी की जा रही है। - कमलदीप राणा, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर, सिरसा।