फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्रामीण क्षेत्रों का 100 करोड़ से होगा विकास

Sun, 18 Dec 2016 01:08 AM IST
अमर उाला ब्यूरो/डबवाली
विज्ञापन
रैली के दौरान सीएम का स्वागत करते भाजपा नेता - फोटो : amarujala
विज्ञापन
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने डबवाली वार्ड तीन के उपचुनाव को लेकर जारी चुनावी आचार संहिता का हवाला देते हुए नगर के विकास के लिए कोई घोषणा नहीं की। लेकिन ग्रामीण क्षेत्र के लिए 100 करोड़ से ज्यादा के विकास कार्यों की घोषणा की और छोटे-मोटे कार्य पूरे करने के लिए विधानसभा क्षेत्र को 15 करोड़ रुपये देना का ऐलान किया पर यह राशि उपायुक्त की सहमति से खर्च की जाएगी। रैली स्थल पर उन्होंने तीन गांवों में 6.68 करोड़ रुपये से बनने वाले जलघरों का शिलान्यास किया।
विज्ञापन



  स्थानीय नई अनाज मंडी में आयोजित विकास रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्योगों की स्थापना में सहुलियतें देने के मामले में प्रदेश पिछले दो वर्षों में 14वें से 5वें स्थान पर आ गया है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय निवेशकों के साथ हुए सात लाख करोड़ रुपयों के एमओयू के कारण प्रदेश के पांच लाख से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।

उन्होंने इस मौके पर गांव ढूकड़ा, अहमदपुर दारेवाला तथा रामगढ़ में छह करोड़ 68 लाख 65 हजार रुपये की लागत से बनने वाले जलघरों का शिलान्यास किया। देव कुमार शर्मा के संयोजन में आयोजित विकास रैली की अध्यक्षता आदित्य देवीलाल चौटाला ने की। इस अवसर पर प्रो. गणेशीलाल, चेयरमैन जगदीश चोपड़ा, सुनीता दुग्गल, रेणू शर्मा, गुरदेव सिंह राही व भाजपा जिलाध्यक्ष एडवोकेट यतिंद्र सिंह भी मौजूद रहे। सीएम ने 1991 के गोलीकांड व 1995 के अग्निकांड को याद करते हुए इनके मृतकों को श्रद्धांजलि दी।
विज्ञापन



सरकार कर रही है 50 हजार खाली पदों पर युवाओं की भर्ती
भीड़ को देखकर गदगद हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरुग्राम में निवेशकों के सम्मेलन में 3000 से अधिक लोगों ने दो दिन तक चिंतन करते हुए प्रदेश मे सात लाख करोड़ रुपये के निवेश पर सहमति बनाई थी। उद्योगों को जमीन, बिजली, लाइसेंस जैसी आधारभूत सुविधाएं देने में किए गए सुधारों के चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर की संस्था ने ईज ऑफ डूइंग के मामले में हरियाणा को 14वें से पांचवें पायदान की रेंकिंग दी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार 50 हजार खाली पदों पर युवाओं की भर्ती कर रही है। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश में अब केवल योग्यता के आधार पर ही सरकारी नौकरी मिलेगी।  


पिछले दशक रहा शिक्षा के लिए काला अध्याय
उन्होंने कांग्रेस के विगत 10 साल के कार्यकाल को शिक्षा के क्षेत्र में काला अध्याय बताते हुए कहा कि बिना परीक्षा बच्चों को आगे की कक्षाओं में भेज दिया जाता था जिस कारण उनका आधार कमजोर रहता था। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्ता के लिए प्रदेश सरकार ने कई सुधार किए हैं। स्कूलों में मासिक टेस्ट भी शुरू किए गए हैं। शिक्षा के स्तर को सुधारने के लिए हम स्कूल-कॉलेजों की व्यवस्था कर रहे हैं। लड़कियों के लिए 20 किलोमीटर की परीधि में एक कॉलेज खोला जाएगा। युवाओं के कौशल विकास के लिए फरीदाबाद में विश्वकर्मा कौशल विकास विश्वविद्यालय शुरू किया गया है जहां 800 पाठयक्रमों के माध्यम से युवाओं को हुनरमंद बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि चिकित्सकों की संख्या को बढ़ाने के लिए प्रदेश के हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा। उन्होंने घोषणा की कि जल्द ही सिरसा में भी एक मेडिकल कॉलेज खोला जाएगा।


उपायुक्त के प्रयास को सराहा
उन्होंने कहा कि सामाजिक जीवन की गुणवत्ता में सुधार के लिए प्रधानमंत्री के आह्वान पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान को मिशन की भांति प्रदेश में लागू किया गया। इसके सार्थक परिणाम आए और हरियाणा का लिंगानुपात 850 से बढक़र 914 हो गया। सिरसा जिला को पहले से ही लिंगानुपात के मामले में अव्वल होने पर लोगों को बधाई दी। स्वच्छता अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने के लिए उन्होंने जिलावासियों को बधाई देते हुए इसके लिए उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़ के प्रयासों की सराहना की।


रेलवे फाटक खत्म कर बनाए जाएंगे यूबी और आरओबी
उन्होंने कहा कि प्रदेश जसरव्कार ने पहले दो साल में ही 12 नए नेशनल हाईवे घोषित किए हैं जबकि पिछली सरकारों ने 48 साल में केवल 9 नेशनल हाईवे ही बनवाए थे। डबवाली-हिसार नेशनल हाईवे का निर्माण कार्य एक साल के रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया है। डबवाली से हिसार जाने में पहले जहां 4-5 घंटे लगते थे वहीं अब यह सफर केवल 2 घंटे में पूरा हो जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रेल सुविधाओं को बढ़ाने के लिए हमने रेलवे के साथ हमारी जरूरतों के अनुसार एमओयू साइन किए हैं। जल्द ही प्रदेश में सभी रेलवे फाटकों को पूरी तरह से खत्म करके इनके स्थान पर या तो ओवर ब्रिज या अंडरब्रिज बनवाए जाएंगे। प्रदेश में रेलवे लाइनों के विद्युतिकरण का कार्य तेज गति से करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही हरियाणा को केरोसिन मुक्त कर दिया जाएगा। इस समय छह लाख परिवार गैस कनेक्शन से वंचित हैं जिन्हें सरकार 1600 रुपये सब्सिडी प्रदान करते हुए गैस कनेक्शन मुहैया करवाएगी।


मैं मांगने नहीं, विकास की सौगातें देने आया हूं
उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के कार्यकाल के दौरान मुख्यमंत्री केवल चुनाव के समय ही विधानसभा क्षेत्रों में जाते थे। वे जनता से केवल मांगने और सौदेबाजी करने ही आते थे लेकिन मैं मांगने नहीं, विकास की सौगातें देने आया हूं। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र के लिए 100 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की घोषणाएं की। उन्होंने डबवाली में एक वार्ड के चुनाव के कारण लगी आचार संहिता के कारण शहर के लिए विकास कार्यों की घोषणा नहीं की लेकिन लोगों को भरोसा दिलाया कि मांगपत्र में लिखी सभी मांगों को अवश्य पूरा किया जाएगा।


प्रदेश में खोले जाएंगे एक हजार गाम सचिवालय
उन्होंने कहा कि जनता की भावनाओं के अनुरूप प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार को खत्म करने के लिए कृत संकल्प है। भ्रष्टाचार रूपी कैंसर को मिटाने के लिए नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने से पहले ही न खाऊंगा-न खाने दूंगा का संकल्प लिया था जिसे उन्होंने पूरा करके भी दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अधिकतर सेवाओं को ऑनलाइन किया गया है। अपनी समस्याओं के समाधान के लिए चंडीगढ़ के चक्कर लगाने वालों तथा रिश्वत देने को मजबूर लोगों की समस्याओं का अंत करने के लिए प्रदेश में सीएम विंडो की सेवा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अगले एक साल में 1000 ग्राम सचिवालय खोले जाएंगे जिनमें से 600 शुरू किए जा चुके हैं। उन्होंने अगले एक साल में हर गांव तक तेज गति की इंटरनेट सेवा मुहैया करवाने का संकल्प दोहराया।


सीएम ने की ये घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र के गांवों के विकास के लिए 15 करोड़ रुपये देने की घोषणा करते हुए गंगा मोडीवाली नहर के निर्माण के लिए 12 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी। उन्होंने विस क्षेत्र में मिल्क चिलिंग सेंटर बनवाने, मिट्टी-पानी की जांच के लिए लेबोरेट्री बनवाने, जंडवाला माइनर की लेवलिंग व रिपेयरिंग के कार्य को भी पूरा करवाने की घोषणा की। उन्होंने मोडी में जलघर बनवाने, टप्पी से मिठडी तक, लोहगढ़ से बॉर्डर तक, नौरंग से बाघा सीमा तक, खोखर से फुल्लों तक, सांवतखेड़ा से नीलांवाली तक, नीलांवाली से खुइयां टोल तक सडक़ों का निर्माण करवाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि डबवाली में 100 बिस्तर अस्पताल के संबंध में पूर्व में की गई घोषणा पर काम शुरू हो चुका है। उन्होंने ओढ़ां में मिनी बस स्टैंड बनवाने, पिपली में नया बस स्टैंड बनवाने, असीर से पिपली तक सडक़ बनवाने, चौटाला गांव के अस्पताल को अपग्रेड करवाने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने मटदादू व कालुआना माइनर की फिजिबिलिटी चेक करवाने की बात कही। मसीतां व अबूब शहर में 33 केवी बिजली घर बनवाने की भी घोषणा की। बनावाला व अहमदपुर के स्टेडियमों की चारदिवारी बनवाने, गोरीवाला में वाटर टैंक बनवाने, बिजूवाली में आंगनवाड़ी केंद्र तथा मटदादू में नई पाइप लाइन डलवाने की भी घोषणा की गई।


कालुआना की खरीफ चैनल बनवाने की मांग
रैली संयोजक देव कुमार शर्मा ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। रैली के अध्यक्ष आदित्य देवीलाल चौटाला ने कहा कि हरियाणा का नक्शा तीन कोनों का है। इसके दो कोने जहां समृद्ध व चमकदार हैं वहीं तीसरा कोना यानी डबवाली क्षेत्र विकास की राह देख रहा है। उन्होंने कहा कि यहां का किसान मेहनतकश है और यदि हमें सिंचाई के लिए पानी मिल जाए तो हम प्रदेश को तरक्की की नई ऊंचाइयों पर ले जा सकते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से टेलों तक पानी पहुंचाने का आग्रह किया। उन्होंने क्षेत्र की प्रमुख मांगें रखते हुए यहां के बिरानी क्षेत्रों के लिए माइनर बनवाने तथा कालुआना की खरीफ चैनल बनवाने की मांग की। भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।


नमो और मनो एक-दूसरे के पूरक : प्रो. गणेशीलाल
भाजपा अनुशासन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. गणेशीलाल ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकारें लोगों का शोषण करने वालों के खात्मे के लिए बनी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने निर्धनतामुक्त भारत बनाने के लिए नोटबंदी का फैसला लागू किया है ताकि फिर से सशक्त, समर्थ व भव्य भारत का निर्माण किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के एक आह्वान पर तीन करोड़ लोगों ने गैस सब्सिडी छोड़ दी। उन्होंने नमो व मनो को एक-दूसरे का पूरक बताते हुए उम्मीद जाहिर की कि देश व प्रदेश विकास के नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।


भीख में चपरासी का पद भी नहीं मिलता था
पर्यटन निगम के चेयरमैन जगदीश चोपड़ा ने कहा कि आज डबवाली का इतिहास बदल रहा है। डबवाली प्रदेश का अंतिम छोर पर स्थित है और यह शुरू से ही विकास के मामले में पिछड़ जा रहा है। इस समय प्रदेश में तपस्वी मुख्यमंत्री व देश में कर्मयोगी प्रधानमंत्री की सरकारें हैं। उन्होंने कहा कि पहले भीख मांगने के बावजूद चपरासी की नौकरी भी नहीं मिलती थी लेकिन आज रिक्शा चलाने वाले तथा बाल काटने वाले परिवारों के योग्य युवाओं को मेरिट के आधार पर बिना सिफारिश एचसीएस स्तर की नौकरियां मिल रही हैं।


इनका किया शिलान्यास
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रैली स्थल से ही गांव अहमदपुर दारेवाला में दो करोड़ 70 लाख 75 हजार रुपये की लागत से बनने वाले नहरी पानी आधारित जलघर, गांव ढूकड़ा में दो करोड़ आठ लाख 15 हजार रुपये की लागत से वाटर सप्लाई योजना का विस्तार एवं जीर्णोद्धार कार्य तथा गांव रामगढ़ में एक करोड़ 89 लाख 75 हजार रुपये से बनने वाले नहरी पानी आधारित जलघर का शिलान्यास किया।


ये रहे मौजूद
इस मौके पर राजेंद्र सिंह देसूजोधा, सुनीता सेतिया, विजय वधवा, कर्ण सिंह रानोलिया, संजय भाटिया, उपायुक्त शरणदीप कौर बराड़, पुलिस अधीक्षक सतेंद्र गुप्ता, एसडीएम संगीता तेत्रवाल, पूर्व जिलाध्यक्ष अमीरचंद मेहता, मनीष सिंगल, अमन चोपड़ा, रोहताश जांगड़ा, सतीश जग्गा,शिशपाल कंबोज, पूर्व विधायक मनीराम केहरवाला, अमीलाल पारीक, रामलाल बागड़ी, गौरव मोंगा, सतेंद्र गर्ग, रत्नलाल बामणिया, डॉ. रमेश, पवन गर्ग, सुनील जिंदल, कौरचंद मोंगा, अशोक कंबोज व सतीश गर्ग आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें