हरियाणा में हलवासिया विद्या विहार उच्च शिक्षण संस्थान से निष्कासित अध्यापकों और छात्रों के अभिभावकों का धरना बुधवार को भी जारी रहा। तीसरे दिन विभिन्न राजनीतिक दलों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया।
बुधवार को भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, सर्व कर्मचारी संघ के पूर्व प्रधान वजीर सिंह, हरियाणा अध्यापक संघ के जिला प्रधान राजकुमार तंवर, थ्री व्हीलर रेहड़ी व फुटपाथ एसोसिएशन के प्रधान हंसराज, कृष्णा कालोनी व अग्रवाल सभा, ब्राह्मण समिति के प्रधान पंडित चंदगीराम, अध्यापक नेता हरिओम तंवर, संजीव गुप्ता एडवोकेट, डा.आनंद, आप पार्टी के नेता केसी वर्मा समेत कई संस्थाओं ने आंदोलन का समर्थन किया।
छात्र नेता नीरज सिंह के नेतृत्व में विभिन्न कालेजों के सैकड़ों छात्र भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रहा है। इसे किसी सूरत में बरदाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि निष्कासित अध्यापकों का यह आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर धरना स्थल पर पूनम, महेश्वरी, सुधा शर्मा, सरला शर्मा, वीनापाणी, छनानंद शर्मा, विमलेश शर्मा, दानवीर, वी.सी.भारद्वाज, नीलम दलाल, हरिओम तंवर, जयवीर वर्मा, राजीव वशिष्ठ मौजूद थे।
ये है मामला
हलवासिया विद्या विहार के 16 अध्यापकों को प्रबंधन ने बिना किसी नोटिस के कार्यमुक्त कर दिया है। इसके विरोध में अध्यापक प्रबंधन समिति के खिलाफ लामबंद हो गए। इन निष्कासित अध्यापकों ने 14 अक्तूबर को शहर में प्रदर्शन कर उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा था। इसके बाद स्कूल के बाहर धरना शुरू कर दिया गया।