परिवार की लापता युवती की बरामदगी के लिए एक साल से थाने के धक्के खा-खाकर और पुलिस के रवैये से तीन ग्रामीण इतने दुखी हो गए कि उन्होंने हरियाणा के जींद के सफीदों थाना परिसर में ही केरोसिन डालकर आत्मदाह का प्रयास किया।
पुलिस ने पिछड़ी जाति से संबंधित युवती के पिता और दो भाइयों को काबू कर लिया और उन्हें आत्मदाह करने से रोका।
आरोप है कि तीनों ने पुलिस कर्मचारियों पर भी तेल डालने की कोशिश की। पुलिस ने तीनों पर केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, ग्रामीणों
का आरोप हैै कि जब वे अपनी बेटी के बारे में पूछने गए तो पुलिस ने उनसे बदसलूकी की।
करीब साल पहले क्षेत्र के एक गांव के व्यक्ति ने सफीदों थाने में मामला दर्ज कराया था कि उसकी बालिग बेटी को कोई बहला फुसलाकर ले गया।
पुलिस ने मामला तो दर्ज कर लिया, लेकिन युवती की तलाश नहीं कर पाई।
टूट चुका था पुलिस से विश्वास
एक साल से दर-दर की ठोकरें खाने के बाद थक हारकर वीरवार को दुखी पिता अपने बेटे और भतीजे के साथ थाने पहुंचे। उसने केस का स्टेटस
जाने का प्रयास किया।
पिता का आरोप है कि थानेदार ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। इससे दुखी होकर तीनों ने खुद पर केरोसिन डाल लिया, लेकिन साथ खड़े पुलिसकर्मियों
ने उन्हें देख लिया। पुलिस कर्मचारियों का कहना है कि जब उन्होंने बीच-बचाव का प्रयास किया तो युवती के पिता ने उन पर भी तेल डालने की
कोशिश की।
थाने में मचा हड़कंप
पिता द्वारा केरोसिन डालकर आत्मदाह करने का प्रयास करते ही थाने में हड़कंप मच गया। पुलिस का कहना है कि युवती का पिता अपने घर से
केरोसिन लेकर थाने आया था। वह तय करके आया था कि थाने में ही जाकर आत्मदाह करना है।
लड़की की गुमशुदगी का मामला दर्ज कर लिया गया था। पुलिस ने लड़की की बरामदगी के लिए हर संभव प्रयास किए, लेकिन उसका पता नहीं चल
सका। लड़की बालिग है। तीनों के खिलाफ आत्मदाह की कोशिश करने और पुलिस कर्मचारियों पर तेल डालने का प्रयास करने का मामला दर्ज करके
जांच शुरू कर दी है।
-बलबीर सिंह, एसएचओ, सफीदों