क्रिकेट के बादशाह सचिन तेंदुलकर के अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से विदाई से
पहले रणजी मैच खेलने रोहतक के लाहली स्टेडियम में आने से उनके प्रशंसकों
में गजब का उत्साह है।
लाहली में 27 अक्तूबर से मुंबई और हरियाणा
के बीच मैच होगा। सचिन तेंदुलकर पहले ही रणजी खेलने की घोषणा कर चुके हैं।
इसलिए यह माना जा रहा है कि तेंदुलकर रणजी खेलने के लिए हरियाणा आएंगे।
वहीं, उनके लाहली आने की संभावनाओं के चलते हरियाणा क्रिकेट बोर्ड ने
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्णय लिया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल
बोर्ड के कोषाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने कहा कि सचिन के लाहली में आने की
संभावनाओं से इनकार नहीं किया जा सकता लेकिन फिलहाल उनकी जानकारी मेें नहीं
है कि सचिन आएंगे।
लाहली में मुंबई और हरियाणा के बीच रणजी मैच
होना है। उन्होंने कहा कि सचिन लाहली आते हैं तो उनकी मेहमाननवाजी में कोई
कसर नहीं छोड़ी जाएगी। मेहमानों की दिल खोलकर खातिरदारी करना हरियाणा की
परंपरा रही है और उसे बखूबी निभाया जाएगा।
मैदान पर सुरक्षा व्यवस्था चौकस होगी
बीसीसीआई
के कोषाध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी ने बताया कि सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने
लाहली के मैदान पर सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद करने के लिए कहा है। इसके
लिए हरियाणा क्रिकेट बोर्ड ने सभी प्रबंध किए हैं।
सचिन के साथ खेलने को मिला तो धन्य हो जाएंगे
रणजी
के लिए लाहली कैंप में अभ्यास में जुटे भिवानी के क्रिकेटर सन्नी सिंह,
अमित वशिष्ठ, संदीप और संदीप गोदारा ने बताया कि सचिन के आने की चर्चाएं तो
उनको भी सुनने को मिल रही हैं लेकिन अभी पक्का कुछ नहीं कहा जा सकता। अगर
सचिन लाहली आते हैं और उनके साथ खेलने का मौका मिला तो स्वयं को धन्य
समझेंगे। यह मौका मिला तो उनके लिए खुशी और यादगार बनाने का है। वह इसलिए
भी खास होगा कि वह संन्यास लेने की घोषणा कर चुके हैं और अंतिम समय में
उनके साथ खेलना का मौका किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए गर्व की बात है।