रोहतक। आर्य चौपाल सेवा समिति, प्रेमनगर की ओर से 95वें शहीदी दिवस के अवसर पर 23 मार्च को दोपहर 2 बजे जरा याद करो कुर्बानी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम हेफेड रोड स्थित आर्य चौपाल में आयोजित होगा। इस में देश के अमर शहीदों शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।
कार्यक्रम के तहत विश्व शांति कल्याण महायज्ञ और स्मृति सभा का आयोजन किया जाएगा। महायज्ञ में शहर की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि और नागरिक आहुति देकर देश की एकता, शांति और सद्भावना का संदेश देंगे। इस अवसर पर महापुरुष स्मृति परिषद के सहयोग से स्मृति सभा का आयोजन भी किया जाएगा। इसमें शहीदों के जीवन और उनके बलिदान को याद करते हुए उन्हें नमन किया जाएगा।
महापुरुष स्मृति परिषद के अध्यक्ष जसबीर सिंह मलिक ने कहा कि शहीदों की कुर्बानियां देश के लिए अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने बताया कि भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव ने अपने बलिदान से देश में वैचारिक क्रांति का सूत्रपात किया, जिसे हर भारतीय हमेशा याद रखेगा। उन्होंने समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे महापुरुषों के जीवन से प्रेरणा लेकर सकारात्मक और उद्देश्यपूर्ण कार्यों में भागीदारी निभाएं। कार्यक्रम में सभी नागरिकों और परिवारों को सपरिवार आमंत्रित किया गया है।