रोहतक। शिक्षा में पारदर्शिता और छात्रों के भविष्य की सुरक्षा की मांग को लेकर जंतर-मंतर जाने की तैयारी कर रहे छात्र नेता के घर पुलिस पहुंच गई। ऐसे में अब अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
छात्र नेता दीपक धनखड़ ने कहा कि उन्होंने कोई अपराध नहीं किया है। वे न तो किसी हिंसा में शामिल हुए है और न ही उन्होंने कोई कानून तोड़ा है। उनका कहना है कि वे केवल शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगों को रखने के लिए दिल्ली जा रहे थे।
इस दौरान उनके पास पुलिस का फोन आया और कुछ ही समय बाद वह पहुंच भी गई मगर वह फिर भी दिल्ली पहुंच गए।
सांपला सीमा पर युवाओं को पुलिस ने हिरासत में लिया
दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को प्रस्तावित कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे युवाओं को पुलिस ने सांपला सीमा पर नेशनल हाईवे-9 पर झज्जर-रोहतक मार्ग पर हिरासत में ले लिया। वहीं, युवाओं को दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे रिहा कर दिया गया।
जिला पार्षद जयदेव डागर, राजकुमार, अंकित जयभगवान, अनूप सहित अन्य युवा दिल्ली में आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में भाग लेने जा रहे थे। गाड़ियां को सांपला टोल के पास पहुंचते ही पुलिस ने उनको हिरासत में ले लिया।
युवाओं का आरोप है कि हिरासत में लेने का स्पष्ट कारण नहीं बताया गया। इस दौरान कुछ युवाओं ने सड़क पर बैठकर विरोध भी जताया। शहीद भगत सिंह छात्र संगठन के अध्यक्ष प्रदीप मोटा को भी पुलिस ने अर्बन एस्टेट थाने में हिरासत में लिया था। संगठन के सदस्यों ने इस पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से कार्रवाई के स्पष्ट कारण सार्वजनिक करने की मांग की है।