रोहतक। गोहाना रोड के नजदीक दीवार फांदकर सफीदों का युवक निजी स्कूल में घुस गया। समय रहते चौकीदार ने उसे दबोच लिया और प्राचार्य को सूचना दे दी। इसके बाद उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर शनिवार को एक दिन के रिमांड पर लिया है।
शिवाजी कॉलोनी निवासी संजय ने बताया कि वह गोहाना रोड स्थित स्कूल में प्रधानाचार्य है। शुक्रवार रात को करीब 12 बजे चौकीदार ने सूचना दी कि एक युवक दीवार फांदकर स्कूल में घुस आया। वह किसी आपराधिक गतिविधि को अंजाम देने घुसा है। उसे काबू कर रखा है। वह स्कूल के आचार्य जितेंद्र व कुलदीप के साथ मौके पर पहुंचा। युवक ने अपना नाम अजय निवासी सफीदों बताया। सूचना पाकर सदर थाने से हवलदार राजबीर सिंह मौके पर पहुंचे। आरोपी को काबू किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह चोरी के इरादे से स्कूल में घुसा था। पुलिस आरोपी को चोरी के प्रयास का मामला दर्ज कर शनिवार को अदालत में पेश किया, जहां से एक दिन के रिमांड पर लिया गया।