मकड़ौली कलां गांव में सोमवार शाम करीब साढ़े 5 बजे कुछ लोगों ने एक युवक को गोली मार दी। इस दौरान उसका दोस्त भी झगड़े में घायल हो गया। दोनों को पीजीआई में दाखिल कराया गया है, जहां साहिल की हालत खतरे से बाहर है।
सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर कुलबीर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गांव निवासी साहिल व दीपक दोस्त हैं। चार साल पहले दीपक को सुआं मारकर घायल कर दिया गया था। मामले में सदर पुलिस ने लाढ़ौत के एक युवक सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था। आरोपियों में गांव के भी कुछ युवक हैं। सोमवार दोपहर साहिल व आरोपी पक्ष युवकों के बीच कुछ कहासुनी हो गई थी। इसके बाद शाम करीब साढ़े 5 बजे दीपक के घर साहिल गया हुआ था। पता चला है कि दूसरा पक्ष आया और झगड़ा करने लगा। मामला बढ़ने पर साहिल पर एक युवक ने फायर कर दिया। गोली उसके कंधे में लगी है। साहिल को पीजीआई लाया गया। मामले की सूचना पाकर सदर थाना पुलिस पहले गांव में पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद पीजीआई पहुंचकर साहिल के बयान लेने का प्रयास किया, लेकिन बयान दर्ज नहीं हो सके। देर रात तक पुलिस वारदात की जांच पड़ताल में जुटी थी, लेकिन मामला दर्ज नहीं हुआ था।