गांव मदीना में रविवार रात को एक मां-बाप ने अपने ही बेटे को मौत के घाट
उतार दिया। पुलिस से बर्खास्त सिपाही धर्मवीर ने जमीनी विवाद के चलते
एयरफोर्स में कार्यरत अपने बेटे की गर्दन पर गंड़ासा चला दिया। हमले में
बेटे की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात में मृतक की मां और उसका नाबालिग भाई
भी शामिल रहा।
पुलिस ने आरोपी पिता और मां को गिरफ्तार कर लिया है।
हालांकि पुलिस मामले में अभी केवल जमीनी विवाद को ही कारण मान रही है,
लेकिन गांव में चर्चा है कि धर्मवीर की गलत हरकतों के कारण भी बाप-बेटें
में तनाव रहता था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मदीना निवासी
धर्मवीर का एयरफोर्स में तैनात अपने बेटे अमित कुमार के साथ मनमुटाव था।
अमित कुमार फिलहाल वायुसेना की असम शाखा में तेजपुर में अपनी पत्नी सोनी के
साथ रहता था। वह 22 नवंबर को छुट्टी पर आया था। अमित की 8 माह पहले ही
झाड़सा (झज्जर) निवासी सोनी के साथ शादी हुई थी। शादी के बाद अमित की अपने
पिता धर्मवीर सिंह के साथ तल्खी और बढ़ गई। नतीजतन अमित कुमार ने मदीना आना
जाना बंद कर दिया और छुट्टियों में ससुराल झाड़सा में ही आने-जाने लगा।
अमित कुमार एक शादी में शरीक होने के लिए बृहस्पतिवार को छुट्टी पर आया था।
इस बार भी वह सीधा ससुराल में ही गया था। धर्मवीर सिंह को अमित के छुट्टी
पर आने की भनक लग गई। वह अमित और सोनी के पास पहुंचा और उन्हें भविष्य में
किसी प्रकार का विवाद नहीं करने का आश्वासन देकर रविवार रात को मदीना ले
आया। मदीना आते ही धर्मवीर और अमित में कहासुनी हो गई। पुलिस ने बताया कि
आपसी कहासुनी के चलते तैश में आकर धर्मवीर ने अमित की गर्दन पर गंड़ासे से
वार कर दिया।
इससे अमित की मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि अमित की पत्नी
सोनी की हत्या का भी प्रयास किया गया, लेकिन वह चिल्लाते हुए गली में आ
गई। इस पर पड़ोसी जाग गए और उन्होंने सोनी को बचा लिया। एसएचओ राजेंद्र
सिंह ने बताया कि मृतक अमित कुमार की पत्नी सोनी की शिकायत पर ससुर धर्मवीर
सिंह, सास सुशीला व देवर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। धर्मवीर
और उसकी पत्नी सुशीला को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी से एक लाइसेंसी
रिवाल्वर भी बरामद हुई है।