31...आईआईएम निदेशक प्रो. धीरज शर्मा अतिथि को सम्मानित करते हुए। स्रोत : आईआईएम
रोहतक। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) ने 17वें स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में 1500 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर विकसित भारत 2047 के लक्ष्य की दिशा में सामूहिक योगदान पर विचार साझा किए गए।
सीआरपीएफ महानिदेशक आईपीएस ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि युवा राष्ट्र की दिशा और दशा बदलने की क्षमता रखते हैं। उन्होंने शिक्षकों, अभिभावकों, साथियों, महिलाओं और वंचितों के प्रति सम्मान के मूल्य पर बल दिया। आईआईएम रोहतक आज देश के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थानों में आता है। इसके छात्र विकसित भारत सपने को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के महानिदेशक आईपीएस सदानंद दाते ने अनिश्चित समय में प्रभावी प्रबंधन, एक पुलिस अधिकारी के अनुभव विषय पर विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, उभरती तकनीकों और वैश्विक भू-राजनीति जैसे कारकों के बीच स्पष्टता के साथ नेतृत्व की आवश्यकता है। आईआईएम रोहतक के निदेशक प्रो. धीरज शर्मा ने प्लेसमेंट, शोध और परिसर विस्तार में हुई प्रगति का उल्लेख किया।
इस दौरान आईआईएम के छात्रों की ओर से प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भारत की समृद्ध परंपराओं और संस्थान की जीवंत समुदाय भावना को दर्शाया। इसमें संस्थान की उपलब्धियों पर बात की गई। इसमें एनआईआरएफ 2025 में शीर्ष 20 प्रबंधन संस्थानों में स्थान, क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2025 में 151 वैश्विक रैंक, 2019 में देश का पहला पांच वर्षीय एकीकृत बीबीए व एमबीए कार्यक्रम और 2021 में पांच वर्षीय विधि कार्यक्रम भी उपलब्धियों में शामिल हैं। इस दौरान जम्मू कश्मीर के पूर्व डीजीपी आईपीएस आरआर स्वैन व गिनीज विश्व रिकॉर्ड धारक समीर उपस्थित रहे।
संवाद