रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रीय युवा दिवस एवं स्वामी विवेकानंद जयंती पर रैली निकाली गई। रैली को त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं संप्रति राज्यसभा सांसद बिप्लब देब ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। विश्वविद्यालय कुलपति प्रो. राजबीर सिंह उनके साथ रहे। यहां स्वामी विवेकानंद का संदेश- उठो, जागो, तब तक न रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो, देते हुए युवाओं से इसे अपनाने का आह्वान किया गया।
एमडीयू के राष्ट्रीय सेवा योजना, यूथ रेडक्रॉस, यूनिवर्सिटी आउटरीच, एनसीसी कैडेट्स और शारीरिक शिक्षा विभाग के विद्यार्थियों ने युवा दिवस व विकसित भारत रैली में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय परिसर में मार्च किया। कार्यक्रम के मुख्यातिथि बिप्लब देब ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने भारतीय संस्कृति-सभ्यता व मानव धर्म का डंका वैश्विक स्तर पर बजाया। एमडीयू के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन हमें प्रेरणा देता है कि हम समाज व राष्ट्र के सरोकारों में योगदान दें। मंच संचालन प्राध्यापिका डाॅ. सोनू डेहमीवाल ने किया। सांसद डाॅ. अरविंद शर्मा विशिष्ट अतिथि रहे।
स्वागत भाषण एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. तिलक राज ने किया। एमडीयू के डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एएस मान, रजिस्ट्रार प्रो. गुलशन तनेजा, लाइब्रेरियन डाॅ. सतीश मलिक, डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. रणदीप राणा, वाईआरसी कार्यक्रम समन्वयक प्रो. अंजू धीमान, निदेशक यूनिवर्सिटी आउटरीच प्रो. राधेश्याम, एनसीसी इंचार्ज डाॅ. विकास सिंधु, सुभाष आहूजा, सतीश नांदल, अजय बंसल, रणबीर सिंह ढाका समेत अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। विवेकानंद पुस्तकालय में स्वामी के जीवन व कार्यों संबंधित पुस्तकों की प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।