रोहतक। कलानौर के वार्ड नंबर छह में कपड़े की दुकान में घुसकर कुछ युवकों ने एक युवक पर हमला कर दिया। जब युवक का दुकानदार ने बचाव किया तो उसके साथ भी मारपीट की गई। इस संबंध में कलानौर थाने में केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक दुकानदार प्रिंस ने दी शिकायत में बताया कि छह दिन पहले वह सोमवार की शाम करीब सात बजे दुकान पर मौजूद था। दुकान पर उसका साथी अमित व अनिल भी आए हुए थे। तभी राजेश, हिमांशु, अनुज, मुकेश, दीनदयाल, विकास व चार-पांच युवक आए और अमित के साथ गाली-गलौज करने लगे। जब वह और अनिल बीचबचाव करने लगे तो उनके साथ भी हाथापाई की बाहर गली में मारपीट की। एक युवक ने उसे किसी नुकीली चीज से चोटें मारी। आरोपी जान से मारने की धमकी देकर चले गए। पुलिस ने घायलों की मेडिकल रिपोर्ट पर अब शनिवार को मामला दर्ज किया है।