लिंगानुपात में सुधार के लिए सरकार आपकी बेटी, हमारी बेटी योजना चला रही है। इसका उद्देश्य कन्या भ्रूण हत्या रोकना और बालिकाओं को शिक्षा के उचित अवसर प्रदान करना है। उक्त बातें उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने कही।
उपायुक्त ने कहा कि इस योजना के तहत ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में 22 जनवरी 2015 या उसके बाद जन्मी अनुसूचित जाति तथा बीपीएल परिवारों की पहली बेटी के जन्म पर 21 हजार रुपये और दूसरे वर्गों की दूसरी व तीसरी बेटी के जन्म पर 21 हजार रुपये दिए जाते हैं। इस योजना में लाभार्थी लड़की के खाते में कुल संचित राशि उसके 18 वर्ष पूरे होने पर ब्याज सहित देय होगी। बशर्ते कि लाभार्थी लड़की अविवाहित हो। इस योजना के तहत पंजीकरण के लिए आवेदन फॉर्म आंगनबाड़ी केंद्र या स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध हैं। महिला व बाल विकास की वेबसाइट से भी फॉर्म डाउनलोड किया जा सकता है। आवेदन फॉर्म के साथ लाभार्थी लड़की के जन्म प्रमाणपत्र की सत्यापित प्रति, टीकाकरण कार्ड, आधार नंबर (लड़की या माता, पिता) आंगनबाड़ी केंद्र या स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी के पास जमा करवाना होगा। उन्होंने कहा कि लिंगानुपात में सुधार के लिए स्वास्थ्य, महिला व बाल विकास विभाग, पुलिस प्रशासन व समाजसेवी संस्थाओं के साथ-साथ प्रदेश सरकार की प्रोत्साहन योजनाएं भी कारगर सिद्ध हो रही हैं।