संवाद न्यूज एजेंसी
रोहतक। शहर के पाॅश इलाके सेक्टर-4 में दोपहर 12 बजे कार सवार युवक महिलाओं के कपड़े पहनकर एक मकान में लूट के इरादे से घुस गए। बाहर से मकान मालिक की नजर पड़ गई, जिसे देखकर आरोपी दीवार फांदकर भाग गए। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई। इस संबंध में अर्बन एस्टेट थाने में केस दर्ज किया गया है।
मकान मालिक नरेंद्र हुड्डा ने पुलिस को बताया कि 11 जून की दोपहर 12 बजे वह पड़ोसी के मकान के बाहर बैठा था। तभी एक कार उसके घर के सामने आकर रुकी। कार से महिलाओं के कपड़े पहने तीन युवक उतरे, जबकि दो युवक कार में ही बैठे रहे। युवकों के चलने का ढंग देखकर उसे कुछ शक हो गया।
वह कार चालक के पास गया, पूछने लगा तो चालक ने कार को भगा लिया। पड़ोसियों के साथ मिलकर घर के अंदर घुसे युवकों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन दीवार फांदकर भाग गए। नरेंद्र हुड्डा ने डंडा लेकर युवकों का पीछा भी किया, लेकिन आरोपी हाथ नहीं आए।
महिला के वेश में तीन युवक एक मकान में घुसे थे। पीड़ित माकन मालिक की शिकायत पर केस दर्ज किया गया है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- प्रदीप कुमार, थाना प्रभारी अर्बन स्टेट
3सीटीके12...घर में लूट के इरादे से घुसे आरोपी को पकड़ने की कोशिश करता मकान मालिक सीसीटीवी में