रोहतक। शराब तस्करी पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने मंगलवार रात भारी मात्रा में शराब लदी गाड़ी समेत एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक से अलग-2 मार्का की 715 पेटी शराब बरामद हुई। इसमें 244 पेटी बोतल शराब, 298 पेटी अद्धा व 173 पेटी पव्वे बरामद हुए। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
थाना लाखनमाजरा प्रभारी निरीक्षक रणबीर सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग के मार्गदर्शन में नशे खासकर शराब तस्करी पर शिंकजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में शराब से लदी गाड़ी पकड़ी है। मुख्य सिपाही भूपेंद्र के नेतृत्व में टीम चौक लाखनमाजरा के पास गश्त पर थी। यहां सूचना मिली की एक कंटेनर चालक अन्य व्यक्तियों के साथ एक राज्य से दूसरे राज्य में अवैध बिल्टी व ई-बिल से शराब बेचने का काम करता है। यह रोहतक से होते हुए बिहार जा रहा है। पुलिस ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए चांदी टोल प्लाजा के पास नाकाबंदी की। यहां वाहनों की जांच करते समय जींद की तरफ से आ रही गाडी को शक के आधार पर रुकवाया। गाड़ी चालक युवक हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस दौरान युवक की पहचान उत्तर प्रदेश आजमगढ़ के मोहिउद्दीनपुर निवासी सोनू कुमार के रूप में हुई। तलाशी में कंटेनर से 715 गत्ता पेटी शराब बरामद हुई। आरोपी को गिरफ्तार कर गहन पूछताछ की जा रही है। शराब की तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।