रोहतक। महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजबीर सिंह ने टैगोर सभागार परिसर में नियमित रूप से छात्र कल्याण कार्यालय की ओर से चलाई जा रही निशुल्क योग कक्षा का दौरा किया। यहां विद्यार्थियों से संवाद भी किया।
कुलपति ने जीवन में योग की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि स्वस्थ तन, मन और जीवन का आधार योग है। योग मनुष्य में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। कहा कि योग तनाव को दूर करने में कारगर है। खासतौर पर परीक्षा के दौरान तनाव प्रबंधन में योग की महती भूमिका है। विद्यार्थियों से नियमित रूप से योग करने और अपने सहपाठियों, परिजनों एवं आसपास रहने वाले लोगों को योग करने के लिए जागरूक एवं प्रेरित करने की बात कुलपति ने कही। निशुल्क योग कक्षा के संचालनकर्ता छात्र कल्याण कार्यालय कर्मी नरेश अहलावत की भी सराहना की। इस मौके पर एमडीयू के शिक्षक, गैर शिक्षक कर्मी, विद्यार्थी एवं योग प्रेमी उपस्थित रहे।