शहर के सबसे व्यस्त सुभाष चौक पर 26 जनवरी की रात काे तेज रफ्तार एक्सयूवी कार ने पहले स्कूटी को टक्कर मारी, इसके बाद एक क्रेटा कार को चपेट में लिया, फिर ढाबे के काउंटर को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
स्कूटी सवार दूसरे युवक की हालत भी गंभीर बनी हुई है। पीड़ित स्कूटी सवार ने आरोप लगाया है कि एक्सयूवी चालक नशे में था। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
रोहतक के जवाहर नगर निवासी जैनुउल ने पुलिस को बताया कि वह सर्कुलर रोड पर मोहसिन बिरयानी के नाम से दुकान चलाते हैं। 26 जनवरी की रात 12:30 बजे के बाद अपनी स्कूटी पर दोस्त गुलफान अली के साथ बिरयानी की डिलीवरी करने गए थे। इसके बाद अपने घर जा रहे थे। जब वह सुभाष चौक पर पहुंचे तो अशोका चौक की ओर से आई एक एक्सयूवी कार ने गोल चक्कर से आगे बढ़ते ही उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनका दोस्त मूलत: उत्तर प्रदेश के रामपुर के बिलासपुर निवासी गुलफान अली की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वह गंभीर रूप से घायल हो गए। एक्सयूवी की स्कूटी को टक्कर मारने के बाद रास्ते से जा रही क्रेटा कार से टकराई और फिर असंतुलित होकर ढाबे के काउंटर से टकराकर रुक गई। पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और वहीं पर पुलिस तैनात थी। कार से नशे में उतरने के दौरान चालक को हिरासत में ले लिया, जबकि मुझे गंभीर अवस्था में पीजीआईएमएस में भर्ती कराया गया।
हेलमेट न होता तो दूसरे युवक की भी जा सकती थी जान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक्सयूवी कार की टक्कर से स्कूटी पर पीछे बैठे युवक की जान चली गई। स्कूटी चला रहे युवक ने हेलमेट पहना हुआ था। यदि हेलमेट न होता तो जैनुउल की भी जान जा सकती थी। घटना तेज रफ्तार होने के कारण हुई थी।
जिस स्थान पर स्कूटी जाकर पड़ी, वहां खड़ी होती थी पुलिस पिकेट
सुभाष चौक पर फुटपाथ के पास जिस स्थान पर जाकर कार ने स्कूटी को टक्कर मारी थी, उसी स्थान पर पुलिस की राइडर खड़ी थी व दो पुलिसकर्मी तैनात थे। घटना से एक मिनट पहले ही वह राइडर से सवार होकर गश्त के लिए निकले थे और चंद मीटर दूर जाते ही गाड़ियों के टकराने की तेज आवाज आई तो वह मौके पर आ गए। चंद मिनट और राइडर मौके पर खड़ी होती तो शायद पुलिसकर्मियों की जान को भी खतरा हो सकता था।
जांच में चालक के नशे में होने की हुई पुष्टि
पुलिस ने बताया कि कार चालक धीरज चुघ और उसके साथ बैठे निकुंज की घटनास्थल के बाद सामान्य अस्पताल रोहतक से चिकित्सा परीक्षण कराया गया है। इसमें चिकित्सक ने धीरज चुघ व निकुंज के मुंह से शराब की बदबू आने का दावा किया, साथ ही दोनों के ब्लड सैंपल दो शीशी में रखकर साक्ष्य के लिए रखे गए हैं। पुलिस ने बताया कि महिंद्रा एक्सयूवी कार स्कूटी और क्रेटा काे टक्कर मारने के बाद ढाबे के से टकराई थी और फिर बंद हो गई थी। कार को शक्तिनगर निवासी धीरज चला रहा था, जबकि परिचालक सीट पर दूसरा युवक था।
-
आरोपी कार चालक के खिलाफ केस दर्ज करके उसकी गिरफ्तारी कर ली गई है। कार भी कब्जे में ले ली गई है। कार में चालक समेत दोनों के नशे में होने की चिकित्सकों ने पुष्टि की है।
- सुलेंद्र कुमार, थानाप्रभारी निरीक्षक आर्यनगर।