हरियाणा के रोहतक जिले के लाखनमाजरा खंड के गांव गिरावड़ के खेतों में मंगलवार दोपहर ट्रैक्टर पलट गया, जिसमें धान लगाने आए यूपी के पीलीभीत निवासी 45 वर्षीय रामेश्वर दयाल की मौत हो गई, जबकि उसके साथी राकेश, धर्मेंद्र व सिलेराम घायल हो गए। लाखनमाजरा पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब पीलीभीत से परिजनों के आने के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी।
लाखनमाजरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रणबीर सिंह ने बताया कि मंगलवार को सूचना मिली कि गिरावड़ गांव निवासी सोनू के धान लगवाने के लिए श्रमिक लेकर आया था। चार श्रमिकों को दोपहर करीब दो बजे ट्रैक्टर में बैठाकर खेत में ले जाया गया। रास्ते में संतुलन बिगड़ने से ट्रैक्टर पलट गया।
गर्दन के पास गहरी चोट लगने से श्रमिक रामेश्वर दयाल की मौके पर मौत हो गई। जबकि उसके साथी राकेश, धर्मेंद्र व सिलेराम को पीजीआई रोहतक भेजा गया। पुलिस का कहना है कि शव को कब्जे में लेकर पीजीआई के डेड हाउस में रखवाया गया है। साथ ही मृतक के परिजनों को सूचना भेजी गई है। उनके बयान पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घायलों की हालत खतरे से बाहर है।