03महम04...वकीलों द्वारा कोर्ट के सामने लगाया गया वर्क सस्पेंड का बोर्ड। संवाद
महम। रोहतक रोड स्थित चंद्रा स्वीट्स में घुसकर मारपीट करने के मामले में अभी तक पुलिस ने दो आरोपियों को ही गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर वकीलों का वर्क सस्पेंड 7वें दिन भी जारी रहा। अभी तक पुलिस बाकी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। बार एसोसिएशन प्रधान रविशंकर सोनी ने कहा कि मामले में वे चाैकी प्रभारी, थाना प्रभारी व डीएसपी से मिल चुके हैं, लेकिन पुलिस की कार्यप्रणाली में कोई बदलाव नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि वकील के साथ मारपीट तथा वर्क सस्पेंड के बाद भी ये हाल है तो आम आदमी को पुलिस कैसे न्याय दिला सकती है। उन्होंने मामले को सीआईए को सौंपने की मांग की है। जब तक आरोपी गिरफ्तार नहीं हो जाते वर्क सस्पेंड जारी रहेगा। इस बारे में चौकी प्रभारी बिजेंद्र का कहना है कि दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए धरपकड़ जारी है।
यह था मामला
किशनगढ़ निवासी एडवोकेट हितेश सैनी के भाई की रोहतक रोड पर चंद्रा स्वीट्स के नाम से दुकान है। 25 मई को रात 10 बजे 5 से 7 युवक दुकान पर आए और दुकान बंद रखने की बात कही। ऐसा न करने पर जाने से मारने की धमकी दी और दुकानदारों पर हमला कर दिया। एडवोकेट के अनुसार हमलावरों को एक बार खदेड़ दिया गया, लेकिन उसके बाद 6 से 7 बाइकों पर करीब 15 युवक आए और मारपीट करने लगे। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। संवाद
फोटो 04 वकीलों द्वारा कोर्ट के सामने लगाया गया वर्क सस्पेंड का बोर्ड