रोहतक। गोहाना रोड स्थित शिक्षा भारती वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की अंडर-17 व अंडर-19 बास्केटबॉल टीमों ने 37वीं अखिल भारतीय विद्या भारती बास्केटबॉल प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया है। कर्नाटक के मंगलुरु में आयोजित इस प्रतियोगिता में दोनों टीमों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस जीत के साथ ही उन्होंने स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की प्रतियोगिता के लिए भी अपनी जगह पक्की कर ली है।
विद्यालय के प्राचार्य जितेंद्र कुमार ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों के निरंतर अभ्यास का परिणाम है। खेल विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित करते हैं। दोनों टीमों ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय, अभिभावकों और पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। प्राचार्य ने सभी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं भी दीं।