बस स्टैंड के टिकट काउंटर पर उमड़ी भीड़। अमर उजाला
रक्षाबंधन के चलते शुक्रवार से ही बस स्टैंड पर यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। ऐसे में डिपो की ओर से 198 बसों का संचालन किया गया। शनिवार की दोपहर 12 बजे से रविवार रात 12 बजे तक महिलाएं बसों में निशुल्क सफर करेंगी। बसों में महिलाओं को दिक्कत न हो, इसलिए रोडवेज कर्मियों की छुट्टी रद्द कर दी गई हैं। तय हुआ है कि जिस रूट की सवारियां होंगी, वहीं बस रवाना की जाएगी। प्रदेश सरकार ने इस बार भी रक्षाबंधन पर महिलाओं के लिए रोडवेज बसों में निशुल्क सफर की सुविधा दी है। बावजूद इसके शुक्रवार को बस स्टैंड पर भीड़ उमड़ी। स्टैंड से सबसे अधिकांश बसें दिल्ली के लिए रवाना हुई। वहीं, मुख्यालय के आदेशानुसार शनिवार की दोपहर 12 बजे से बसों में महिलाओं को निशुल्क आवागमन की सुविधा मिलेगी। भीड़ ज्यादा उमड़ने की उम्मीद की वजह से स्टैंड पर इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर आदि की ड्यूटी लगाई गई है। डिपो जीएम राहुल मित्तल ने बताया कि शनिवार व रविवार को बस स्टैंड पर महिलाओं की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। महिलाओं को आवागमन में किसी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए छुट्टी रद्द कर सभी कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।