रोहतक। स्कूल व कॉलेजों में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर महिला पुलिस अचानक दबिश देगी। इसी कड़ी में बुधवार को महिला थाना प्रभारी मीना के नेतृत्व में पुलिस की टीम अचानक बाबा मस्तनाथ विवि की कैंटीन में पहुंची और छात्रों के पहचान पत्र की जांच की। बाहर के मिले तीन युवकों को हिदायत देकर विवि से बाहर किया गया। विवि के बाहर खड़ी काले शीशे की गाड़ियों के पांच-पांच हजार रुपये के चालान किए।
दो दिन पहले पीजीआई थाने में एक 16 साल की किशोरी ने शिकायत दी कि वह स्कूटी पर पीजीआई से घर जा रही थी। बाइक सवार दो युवकों ने पीछा किया और अश्लील टिप्पणी की। किशोरी के श्रीनगर कॉलोनी में पहुंचने पर बाइक सवार युवकों ने रास्ता रोक लिया। किशोरी दूसरी तरफ जाने लगी तो काले रंग की स्कॉर्पियो ने टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। बुधवार के अंक में अमर उजाला ने महिला सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए थे।
एसपी गौरव राजपुरोजित के आदेश पर महिला थाने की टीम दोपहर मस्तनाथ विवि में पहुंची। थाना प्रभारी मीना ने बताया कि कैंटीन पर जांच में तीन युवक बाहरी मिले। उनको कड़ी हिदायत देकर छोड़ा गया। अचानक दूसरे स्कूल, कॉलेज व विवि में भी महिला थाने की टीम औचक जांच करेगी।