रोहतक। कलानौर माइनर में मुरादपुर टेकना के पास वीरवार सुबह क्षत-विक्षप्त हालत में 60 वर्षीय महिला का शव मिला है। मृतक के दोनों हाथों की हथेली व पैरों के पंजे और मुंह जीव-जंतुओं ने नोचकर खा लिया। बहुअकबरपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम व शिनाख्त के लिए पीजीआई के डेड हाउस में रखवाया हुआ है।
थाना प्रभारी महेश कौशिक ने बताया कि सुबह करीब नौ बजे सूचना मिली कि मुरादपुर टेकना गांव के नजदीक माइनर के अंदर पुलिया के पास एक शव अटका हुआ है। तुरंत पुलिस की टीम एफएसएल एक्सपर्ट डॉ. सरोज दहिया के साथ मौके पर पहुंची।
शव को निकालकर जांच-पड़ताल की गई। शव एक सप्ताह से ज्यादा पुराना लग रहा था। जांच टीम को अंदेशा है कि महिला की मौत डूबने से हो सकती है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के पुख्ता कारणों का खुलासा हो सकेगा।