शादी के बाद ससुराल से मायके लौटी महिला घर से नकदी व जेवरात लेकर लापता हो गई। इस मामले में शहर थाना सफीदों पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया है।
सफीदों निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बेटी की शादी 20 अप्रैल को रोहतक निवासी एक युवक के साथ हुई थी। शादी के बाद अब उसकी बेटी मायके में आई हुई थी। 4 मई की रात को उसकी बेटी घर से भाभी के पास जाने की बात कहकर निकली थी। इसके बाद उसकी बेटी घर नहीं लौटी। व्यक्ति ने आरोप लगाया कि मोहल्ले का ही युवक उसकी बेटी को अपने साथ ले गया है। उसके घर से 15 हजार रुपये व जेवरात भी उसकी बेटी लेकर गई। शहर थाना सफीदों पुलिस ने व्यक्ति की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।