प्रेम नगर में बुजुर्ग महिला के साथ बहू ने घर में घुसकर भाई के साथ मिलकर मारपीट की। थाना पुलिस ने मामले में सुनवाई नहीं की तो पीड़िता ने एसपी व डीएसपी को शिकायत दी। अब पुलिस ने केस दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की है।
पुलिस के मुताबिक, बुजुर्ग महिला 64 वर्षीय प्रेम देवी ने शिकायत में बताया कि वह हैफेड रोड स्थित प्रेम नगर में रहती है। पति सेना से रिटायर्ड हैं। अपनी कमाई से मकान बनाया हुआ है। उसके दो बेटे व एक बेटी है। छोटे बेटे का विवाह चार साल पहले हुआ था। एक साल से परिवार के साथ अनबन चल रही है। उनके पति ने 28 अगस्त को बहू व बेटे को बेदखल कर दिया था। इसके बाद उनका कोई वास्ता नहीं रहा। इसके बावजूद उसके बेटे की बहू किसी न किसी बहाने घर में आती है। गाली-गलौज व झगड़ा करती है। कई बार परिजनों से बात कर समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई असर नहीं हुआ।
25 अप्रैल को बहू अपने भाई के साथ घर में आई और स्कूटी की चाबी मांगी। उसने मना किया तो धमकाने लगे। साथ में मारपीट की। उसने पुलिस को सूचना दी। पुलिस महिला थाने में आने की कहकर चली गई। उसने सिविल लाइन थाने में शिकायत दी। उसके पति थाना प्रभारी से बार-बार मिले, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिर में महिला ने एसपी व डीएसपी को शिकायत दी। अब पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की है।